गरजे कांग्रेसी: जो अपना नोट 7 साल नहीं चला सके वे हमसे 70 साल का जवाब मांग रहे

जो अपना नोट 7 साल नहीं चला सके वे हमसे 70 साल का जवाब मांग रहे
कांग्रेसियों की हुंकार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कांग्रेस की रैली का समय दोपहर 2 बजे रखा गया था। ऐसे में बाहर से आने वाले दोपहर 12 बजे से ही रैली में आने शुरू हो गए थे। दोपहर 2 बजे के बाद भीड़ बढ़ने लगी। देखते-देखते मैदान लोगों से भर गया। इसके बाद दोपहर 3 बजे के करीब नेताओं के भाषण शुरू हुए। धूप भी तेज थी। ऐसे में दोपहर बैठे-बैठे कार्यकर्ता भी सुस्ता गए थे। इस बीच राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी को माइक थमाया गया। प्रतापगढ़ी ने अपने शायराना अंदाज ने भाषण देकर महफिल लूट ली। उन्होंने खूब वाह-वाही लूटी। हम कांग्रेस हैं कि थीम पकड़ते हुए इमरान ने कहा कि जो अपना नोट 7 साल नहीं चला सके, वे आज हमसे 70 साल का हिसाब मांग रहे हैं। कोई उन्हें बताए हम कांग्रेस हैं। इस तरह उन्होंने कांग्रेस की अनेक उपलब्धियां गिनाते हुए केंद्र सरकार की खामियां की ओर इशारा किया।

हम तैयार हैं संविधान बचाने : कन्हैया कुमार : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि जो नागपुर को संघ भूमि बनाना चाहते हैं, उन्हें मैं बताना चाहता हूं कि जब तक कांग्रेस है, इसे दीक्षाभूमि ही बनाए रखेंगे। हम तैयार हैं संविधान बचाने, आजादी की रक्षा करने, रोजगार देने। जो चाय बेचते थे, हमने उन्हें देश बेचते पकड़ा है। देश की सबसे पुरानी पार्टी को आम लोगों की नजरों में बदनाम करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास ठाकरे, विधायक अभिजीत वंजारी सहित अन्य ने अपने विचार रखे। संचालन मुकुल वासनिक ने किया।

नागपुर से ही जाएगा संदेश : नाना पटोले : महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि नागपुर में वर्ष 1920 में महात्मा गांधी ने अंग्रेजों के खिलाफ असहकार आंदोलन शुरू कर तानाशाही प्रवृत्ति को चुनौती दी थी। ‘चले जाओ’ का नारा इस भूमि से दिया गया था। आज इसी भूमि से एक बार फिर देश को संदेश दिया जा रहा है। किसानों, कामगारों को खत्म करने का पाप केंद्र सरकार ने किया है।

समाज-समाज में झगड़े लगा रही सरकार: चव्हाण : पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि सरकार समाज-समाज में झगड़े लगाने का काम कर रही है। लोगों में संभ्रम निर्माण किया जा रहा है। लोगों का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है। आरक्षण का मसला निपटाने के लिए जाति आधारित जनगणना कर समाज को न्याय दिया जाएगा, लेकिन भाजपा का इसका विरोध कर रही है।

केदार भाजपा में शामिल नहीं हुए, इसलिए परेशान कर रहे: ठाकुर : विधायक यशोमति ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही कर रही है। सुनील केदार भाजपा में शामिल नहीं हुए, इसलिए तरह-तरह से परेशान किया जा रहा। अगर वे भाजपा में शामिल हो जाते तो यह दिन नहीं आते।

Created On :   29 Dec 2023 5:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story