- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अजंता की गुफाओं में शिल्पकला का...
अजंता की गुफाओं में शिल्पकला का सौंदर्य

- विदर्भ साहित्य संघ की चित्र-शिल्प रसग्रहण व्याख्यानमाला का द्वितीय सत्र शुरू
- अजंता की गुफाओं में शिल्पकला का सौंदर्य
डिजिटल डेस्क, नागपुर. अजंता की गुफा में उकेरे गए ‘मरणासन्न रानी’ का चित्र तात्कालिक परिस्थिति का विवेचन करता प्रतीत होता है। यह चित्र गौतम बुद्ध के सौतेले भाई नंदा की पत्नी जनपदकल्याणी के विरह को प्रदर्शित करता है, जब नंदा उसे छोड़कर गौतम बुद्ध के अनुयायी बन गए थे। पति के विरह में रानी के शरीर की क्षीण अवस्था, आसपास मौजूद दासियों द्वारा पंखा झलना, उपचार के लिए पहुंचे वैद्य की मनोदशा व मरणासन्न रानी की आखों में पति के दर्शन की अभिलाषा का प्रदर्शन कर कलाकार द्वारा चित्र रचना के जरिए तत्कालीन परिस्थिति का प्रदर्शन किया गया है। इस कलाकृति में रेखाएं उकेरकर भावमुद्रा, हस्तमुद्रा, शरीर रचना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है। चित्र शिल्पकला अभिव्यक्ति का सशक्त प्रस्तुतिकरण है। यह प्रतिपादन प्रख्यात नाटककार व लेखक दिनकर बेडेकर ने किया।
अनेक उपक्रमों की जानकारी साझा : विदर्भ साहित्य संघ व सर्जना निर्माण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चित्र-शिल्प रसग्रहण व्याख्यानमाला ‘चातुर्मासकालीन चित्रवैभव' विषय पर लघु व्याख्यानमाला में वे बोल रहे थे। चित्र-शिल्प रसग्रहण व्याख्यानमाला के दूसरे दिन का प्रथम सत्र विदर्भ साहित्य संघ के सांस्कृतिक संकुल में संपन्न हुआ। कला इतिहास की प्राध्यापक मनीषा पाटील ने ‘वेसंतरा जातक'पर विचार व्यक्त किए। यह चित्र जातक कथा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जातक कथा चित्रस्वरूप में प्रथमत: अजंता की गुफा में दिखाई दी। प्रा. चंद्रकांत चन्ने ने ‘बोधिसत्व पद्मपाण' चित्र पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि इस चित्र को देखकर यह लगता है कि हाथ में कमल लिए बुद्ध हैं। वस्तुत: बुद्ध का सौन्दर्य इस प्रतिमा से परिलक्षित होता है। विदर्भ साहित्य संघ के अध्यक्ष प्रदीप दाते ने व्याख्यानमाला के शुभारंभ अवसर पर विदर्भ साहित्य संघ के विविध उपक्रमांें का अहवाल प्रस्तुत किया। संतरानगरी के प्रसिद्ध चित्रकार धनंजय वर्मा के निधन पर दो मिनट मौन धारण कर शोक व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का प्रास्ताविक व सूत्रसंचालन प्रकाश एदलाबादकर ने किया। इस अवसर पर शहर के अनेक चित्रकार व कलाप्रेमी प्रमुखता से उपस्थित थे।
Created On :   23 July 2023 5:48 PM IST