नागपुर: घर में घुसकर मारी गोली, आरोपी की तलाश में जुटी है पुलिस, खंगाला जा रहा रिकॉर्ड

घर में घुसकर मारी गोली, आरोपी की तलाश में जुटी है पुलिस, खंगाला जा रहा रिकॉर्ड
  • राजनगर में हुई घटना
  • सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कैद
  • कॉल डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर. घर में घुसकर दिनदहाड़े गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। घटना सदर थनांतर्गत राजनगर में हुई है। सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिए संदिग्ध को पुलिस तलाश रही है। घटना का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, लेकिन प्रकरण आपसी रंजिश के चलते होने की आशंका है। सदर थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। विनय के घर में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, जिसमें संदिग्ध टोपी पहनकर घर में प्रवेश करते हुए और ढाई से तीन मिनट के भीतर ही बाहर निकलते हुए कैद हुआ है। जाते समय वह घटनास्थल पर अपनी टोपी भूल गया था। उसके बाद वह पैदल ही पुलिस तालाब तक गया। पुलिस ने विनय और संदिग्ध के कॉल डिटेल्स खंगालना शुरू किया है। विनय के घर से संदिग्ध की टोपी और गोली का खाली खोल बरामद किया गया है। घटना की जांच-पड़ताल में पुलिस ने श्वान को मौके से बरामद टोपी सुंघाई। उसके बाद श्वान पुलिस तालाब तक गया और फिर वापस घटना स्थल पर आया।

ऐसे हुआ घटना का खुलासा

घटना के पूर्व विनय घर में गाने सुन रहा था। दो दिन पहले उसके घर में धार्मिक कार्यक्रम हुआ है। उसका खाना बचने से आस-पड़ोस के एक-दो लोगों को उसने दूसरे दिन खाना दिया था। घटना के पूर्व एक पड़ोसी ने खाली टिफिन देने के बजाय लंगर का भोजन टिफिन में दिया था। विनय बस्ती की सोसाइटी का अध्यक्ष है। सोसाइटी में कुछ काम करने के लिए दो-तीन लोग आए थे। इससे लोगों का कहना था कि अध्यक्ष होने के नाते विनय से अनुमति लेनी चाहिए, इस कारण उन लोगों ने पड़ोस की एक बच्ची को विनय को बुलाने भेजा था। बच्ची जब विनय के घर गई, तो दरवाजा खुला था। बच्ची को लगा कि वह सोया है। इस कारण उसने दो-चार बार कॉलवेल बजाई, फिर भी वह नहीं उठा, तो विनय को बेहोश समझकर बच्ची ने उन लोगों को आवाज दी। जब कुछ लोग विनय के घर पहुंचे, तो घटना का खुलासा हुआ।

बंगलुरु से कोई मिलने आने वाला था : कॉल डिटेल्स से पता चला है कि विनय से कोई मिलने आने वाला था। बंगलुरु के किसी व्यक्ति से उसकी बातचीत जारी थी। इस कारण उसने बस्ती के मित्रों को भी यह बात बताई थी कि कोई उससे मिलने आने वाला है और उसके साथ वह बाहर जाने वाला है, इस कारन वह उसका इंतजार कर रहा है। विनय के पड़ोस में रहने वाली बुआ की लड़की ने बताया कि विनय फोटोग्राफी करता था। कभी वह प्रेस फोटोग्राफर भी था। कुछ वर्ष पहले विनय का तलाक हुआ है। उसकी पत्नी लेक्चरर है। बेटा मां के साथ ही रहता है। एक ही बस्ती मंे होने से कभी-कभार बेटा मिलने आता था।

आर-पार हो गई गोली : मृतक विनय उर्फ बबलू सैमसन पुणेकर (52) राजनगर निवासी था। शनिवार की दोपहर करीब 12:25 बजे आरोपी िकसी काम से विनय के घर आया। िकसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, तो आरोपी ने 9 एमएम की पिस्टल से एक गोली विनय के गले में दाग दी। गोली आर-पार हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर विनय के सिर के पीछे के हिस्से के बाल पड़े हुए थे, जो की संभवत: दोनों की हाथापाई के दौरान टूटने की आशंका है। घटना का पता चलते ही सहायक पुलिस आयुक्त अश्वती दोरजे, जोन क्र.2 के उपायुक्त राहुल मदने, सदर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मनीष ठाकरे, श्वान पथक, फॉरेंसिक विभाग और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ के साथ दल-बल मौके पर पहुंचे।

किसी ने नहीं सुनी गोली की आवाज : घटित प्रकरण को संभवत: विनय के गले पर पिस्टल लगाकर गोली चलाई गई। पिस्टल में साइलेंसर लगा होगा, जिससे कसी ने भी गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। घटित प्रकरण से इस वर्ष अब तक शहर में हत्या की दर्जनभर से ज्यादा घटनाएं हुई हैं, जिससे शहर की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

तलाशी के दौरान घर में मिली आपत्तिजनक सामग्री

घटित प्रकरण से तलाशी के दौरान विनय के घर से आपत्तिजनक सामग्री और उसके मोबाइल में बड़ी संख्या में अश्लील वीडियो क्लिपिंग मिली हैं। इससे घटना के तार कहीं उक्त सामग्री से जुड़ा हुआ तो नहीं है। इस दिशा में भी पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।



Created On :   25 Feb 2024 2:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story