राजनीति: किसी के पार्टी प्रवेश से भाजपा कार्यकर्ता व्यथित नहीं होते हैं : बावनकुले

किसी के पार्टी प्रवेश से भाजपा कार्यकर्ता व्यथित नहीं होते हैं : बावनकुले
  • कहा- पार्टी में प्रवेश करने वालों को रोका नहीं जाएगा
  • लोकसभा चुनाव के लिए सीट साझेदारी तय नहीं हुई
  • जयंत पाटील को लेकर चल रही चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा में अन्य दलों के नेताओं के प्रवेश से किसी भी तरह की हलचल मचने से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा के कार्यकर्ता विचारधारा से जुड़े रहते हैं। किसी के पार्टी प्रवेश से कार्यकर्ता व्यथित नहीं होते हैं। राकांपा शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील को लेकर चल रही चर्चाओं पर बावनकुले ने कहा- फिलहाल पाटील ने उनसे संपर्क नहीं किया है। वे किस नेता के संपर्क में हैं, यह वे ही बता सकते हैं। यह अवश्य है कि भाजपा में प्रवेश के इच्छुक नेताओं की कमी नहीं है। पार्टी में प्रवेश करने वालों को रोका नहीं जाएगा।

सभी के लिए भाजपा के दरवाजे खुले : बावनकुले ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दी गई गारंटी व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से सभी प्रभावित है। भाजपा में प्रवेश करने वालों की संख्या बढ़ रही है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार को लेकर चर्चाओं पर भी बावनकुले ने कहा कि सभी के लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं। राज्य में लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर उन्होंने कहा कि फिलहाल सीट साझेदारी तय नहीं हुई है। उम्मीदवार के संबंध में चर्चा भी नहीं हुई है। महायुति अर्थात भाजपा गठबंधन के नेता मिल-बैठकर सीट साझेदारी करेंगे। राहुल गांधी का राजनीतिक प्रभाव नहीं है। वे जहां जाएंगे, वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगेंगे।

बंटी शेलके के खिलाफ मामला दर्ज करें : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विधायक चन्द्रशेखर बावनकुले के बारे में आपत्तिजनक और अपमान जनक बयान देने वाले युवक कांग्रेस के बंटी शेलके और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर भाजपा वाड़ी शहर और वाड़ी मंडल के पदाधिकारियों ने वाडी पुलिस स्टेशन के थानेदार राजेश तटकरे को ज्ञापन सौंपा। बंटी शेलके ने बिना किसी वित्तीय संबंध के नागपुर शहर सीवेज निपटान योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अपमानजनक और अपमानजनक बयान देकर चंद्रशेखर बावनकुले की छवि खराब करने की कोशिश की। साथ ही बावनकुले की तस्वीर को सीवेज नहर में फेंककर उनका अपमान किया गया। यह उनका अपमान नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान है।

अत: संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करने, लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने, भ्रष्टाचार, मानहानि आदि के झूठे आरोप लगाने के लिए बंटी शेलके और उनके सहयोगियों को विभिन्न धाराओं के तहत तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसी मांग थानेदार राजेश तटकरे से की गई। इस दौरान भाजपा वाड़ी मंडल अध्यक्ष आनंदबाबू कदम, शहर अध्यक्ष कैलाश मंथापुरवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष ईशांत राऊत, मंडल महासचिव प्रकाश डवरे, प्रमोद राऊत, जिला युवा मोर्चा मंत्री अक्षय तिडके, मंडल मंत्री प्रशांत श्रीवास्तव दवलामेटी अध्यक्ष विनोद चापेकर, युवा मोर्चा महासचिव नितिन फटिंग, प्रतीक डवरे उपस्थित थे।

Created On :   20 Feb 2024 6:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story