खराब मौसम का असर: गरज-चमक के साथ तेज हवाएं, विमान सेवाएं प्रभावित - बेंगलुरु-नागपुर इंडिगो फ्लाइट रायपुर डायवर्ट

गरज-चमक के साथ तेज हवाएं, विमान सेवाएं प्रभावित - बेंगलुरु-नागपुर इंडिगो फ्लाइट रायपुर डायवर्ट
  • दिन भर चला धूप-छांव का खेल
  • तूफान कमजोर पड़ने के संकेत
  • बेंगलुरु-नागपुर इंडिगो फ्लाइट रायपुर डायवर्ट

Nagpur News. शनिवार को दिन भर आसमान में धूप-छांव का खेल चला। शाम को चली तेज हवा और बूंदाबांदी के बाद रात को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। शनिवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा के कारण विमान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। मौसम विभाग के अनुसार अलग-अलग दिशा से आ रही हवा के कारण मौसम में बदलावा आ रहा है। मध्य भारत में ऊपरी हवा में चक्रवात बन रहा है। इस कारण अगले दो दिन तक जिले में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। तापमान में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है। गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ एम. एल. साहू ने बताया कि अलग-अलग दिशा से हवा आ रही है। गर्म हवा का आना फिलहाल रुक गया है। आसमान में बादल छाए रहने से तेज धूप नहीं खिलेगी। अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आने के साथ ही गर्मी से राहत मिलेगी।

तूफान कमजोर पड़ने के संकेत

डॉ. रिजवान अहमद, निदेशक एवं वैज्ञानिक, एयरोड्रम मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल यह प्रणाली हवाई अड्डा क्षेत्र से गुजर चुकी है और इसके कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, नागरिकों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह है।

हवाई अड्डे पर चेतावनी जारी

मौसम ने शाम 6 बजे अचानक करवट ली। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। हवा की गति 83 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। इससे कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित हुआ। इसके साथ ही तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 7:30 बजे तक 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार नागपुर विमानतल पर कई उड़ानों के टेकऑफ और लैंडिंग में बाधा आई, जिससे कुछ समय के लिए संचालन प्रभावित रहा। शाम 5 बजे एयरोड्रोम चेतावनी जारी की गई, जिससे हवाई अड्डे के ढांचे और हल्के विमानों को तेज हवाओं और गरज-चमक से होने वाले संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

मौसम :16 स्थानों पर पेड़ गिरे

शनिवार की रात अचानक तेज आंधी के चलते शहर में करीब 16 स्थलों पर पेड़ गिरे हैं। इनमें जिलाधिकारी बंगले के सामने, रेलवे स्टेशन के सामने, नंदनवन, त्रिशताब्दी गार्डन समेत अन्य स्थानों का समावेश है। सभी स्थानों पर अग्निशमन दल ने पहुंचकर पेड़ों के अवशेष को हटाकर यातायात को सुचारू किया। पेड़ों के गिरने से कई वाहनों के नुकसान का समाचार है। पुराना भंडारा रोड स्थित दर्पण अग्रवाल के श्री अग्रवाल कोल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में रात 9.30 बजे आग लगी। आग में करीब 5 टन कोयला जलने का समाचार है। लकड़गंज फायर स्टेशन ने आग पर काबू पाया। वहीं दूसरी ओर महाकाली नगर, गली नं 3 में भी बिजली के मीटर में शार्ट सर्किट से आग लगी। आग पर काबू पा लिया गया है। महेश घोत्रे के घर के मीटर में आ लगी थी।

बेंगलुरु-नागपुर इंडिगो फ्लाइट रायपुर डायवर्ट

नागपुर में खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण बेंगलुरु से नागपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6 ई 6891) को एहतियातन रायपुर डायवर्ट करना पड़ा। यह फ्लाइट शाम 5:52 बजे बेंगलुरु से रवाना हुई थी और निर्धारित समयानुसार शाम 7:05 बजे नागपुर पहुंचने वाली थी। नागपुर में खराब मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को रायपुर एयरपोर्ट पर उतारा। फ्लाइट शाम 7:05 बजे रायपुर पहुंची। मौसम साफ होने के बाद विमान ने दोबारा नागपुर के लिए उड़ान भरी और रात 8:21 बजे नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड किया। अचानक हुए इस डायवर्जन के चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

Created On :   3 May 2026 7:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story