विकास: दिनचर्या में व्यायाम को शामिल कर हमेशा स्वस्थ रहें विद्यार्थी- डॉ. विपिन इटनकर

दिनचर्या में व्यायाम को शामिल कर हमेशा स्वस्थ रहें विद्यार्थी- डॉ. विपिन इटनकर
  • मेयो में जिलाधीश ने व्यायामशाला का उद्घाटन किया
  • व्यायामशाला को छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम दिया गया
  • शीघ्र लाइब्रेरी शुरू करने का भी दिया आश्वासन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दिन-रात मरीजों की जान की परवाह करते-करते डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी अपने स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रख पाते, इसलिए चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों को व्यायाम करने की आदत होनी चाहिए, ताकि वे हमेशा स्वस्थ रह सकें। ऐसा जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने कहा। इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) में व्यायामशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी के हाथों किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता डॉ. रवि चव्हाण ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में विधायक विकास कुंभारे उपस्थित थे।

व्याधियों से दूर रह सकते हैं : कई बार विद्यार्थियों को शिक्षा व चिकित्सा कारणों से अपने स्वास्थ्य की तरफ ध्यान देने का समय नहीं मिलता। परिणामस्वरूप उन्हें शारीरिक समस्याओं से गुजरना पड़ता है, इसलिए उन्हें नियमित व्यायाम की सुविधा मिली तो, वे शारीरिक व्याधियों से दूर रह सकते हैं। ऐसा भी जिलाधिकारी ने कहा। यहां के स्नातक छात्रावास के पहले माले पर 2014 में व्यायामशाला शुरू की गई थी। बीते 10 सालों में यहां के अनेक उपकरण खराब होकर बंद पड़ चुके हैं। गणेशोत्सव के दौरान जिलाधिकारी यहां आरती के लिए आए थे। उस समय उन्होंने व्यायामशाला की हालत देखी थी। उन्होंने नई व्यायामशाला शुरू करने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन की पूर्ति करते हुए इमारत के दूसरे माले पर व्यायामशाला शुरू की गई है।

छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम दिया : व्यायामशाला को छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम दिया गया है। यहीं पर एक वाचनालय शुरू करने का आश्वासन विधायक विकास कुंभारे ने दिया। अधिष्ठाता डॉ. रवि चव्हाण ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यायाम की तरफ ध्यान देने का व स्वस्थ रहने का आह्वान किया। व्यायाम उपकरण उपलब्ध करा देने के लिए जिला क्रीड़ा अधिकारी पल्लवी धात्रक का आभार माना। संचालन डॉ. अथर्व शिंदे ने किया। इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. राधा मुंजे, मुख्य वॉर्डन डॉ. माणिक गेडाम, डॉ. सागर पांडे, अरुण धुर्वे आदि उपस्थित थे।


Created On :   30 Jan 2024 8:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story