तैयारी...: महारैली के नियोजन में जुटी शहर कांग्रेस

महारैली के नियोजन में जुटी शहर कांग्रेस
नियोजन कार्य के लिए 12 सदस्यों की समिति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 28 दिसंबर को आयोजित महारैली के नियोजन में शहर कांग्रेस जुट गई है। नियोजन कार्य के लिए 12 सदस्यों की समिति बनायी गई है। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर नियोजन कार्य की तैयारी है। महारैली में शहर से 50 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को देवडिया भवन में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे की उपस्थिति में बैठक हुई। ठाकरे ने कहा कि वे पश्चिम नागपुर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार लाेगों को महारैली में शामिल कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अन्य 5 विधानसभा क्षेत्र से 8-8 हजार लोगों को महारैली में लाया जाएगा। वाहन, बैनर पोस्टर व प्रचार कार्य को लेकर भी नियोजन किया जा रहा है।

सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे : कांग्रेस 139 वां स्थापना दिन नागपुर में मना रही है। इस मौके पर महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित सभी प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित रहेंगे। विधानपरिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने कहा कि पूर्व नागपुर से सर्वाधिक संख्या में लोगों को महारैली में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सोशल मीडिया अध्यक्ष विशाल मुत्तेमवार ने भी मार्गदर्शन किया। उद्योग व वाणिज्य सेल के अध्यक्ष अतुल कोटेचा, प्रशांत धवड़, संजय महाकालकर, गिरीश पांडव, गजराज हटेवार, रमन पैगवार, दिनेश बानाबाकोडे, आकाश तायवाडे, प्रवीण आगरे, नॅश अली, राजेश पौनीकर, प्रवीण गवरे, विश्वेश्वर अहिरकर, दिनेश तराले, पंकज थोरात, राजकुमार कमनानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   17 Dec 2023 5:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story