- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- समरसता अभियान, 15 से 30 वर्ष के...
Nagpur News: समरसता अभियान, 15 से 30 वर्ष के युवाओं पर फोकस, जातिभेद पर चर्चा

- संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की तैयारी पूरी
- विजयादशमी उत्सव के साथ आगाज
Nagpur News राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की तैयारी लगभग पूरी हो गई है। 2 अक्टूबर को विजयादशमी उत्सव के साथ कार्यक्रमों का आगाज किया जाएगा। नागपुर व विदर्भ में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 से 30 वर्ष के युवाओं को संघ से जोड़ने के कार्यक्रमों पर भी फोकस रहेगा। इसके अलावा सामाजिक समरसता अभियान के तहत जातिभेद के विषयों पर चर्चा की जाएगी।
पांच विषय होंगे खास : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विदर्भ प्रांत की ओर से जारी पत्रक के अनुसार, फिलहाल विदर्भ में संघ के विभिन्न प्रकार के 2148 सेवा कार्य चलाए जा रहे हैं। विदर्भ प्रांत में संघ के संगठन मामले में 1140 स्थान, 1963 शाखा, 526 साप्ताहिक मिलन व 198 मासिक संघ मंडली है। आने वाले समय में संघ के सभी स्वयंसेवक समाज को साथ लेकर अपने अपने कार्यक्षेत्र में मुख्यत: पांच विषयों पर गति से काम करने की योजना पर काम कर रहे हैं।
पारिवारिक मैत्री पर जोर : सामाजिक समरसता अभियान के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, घुमंतू समुदाय, पिछड़े व वंचित समझे जाने वाले समाज के साथ जातिभेद के विषयों पर चर्चा की जाएगी। घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से लोगों से आह्वान किया जाएगा कि अपनी भाषा में जातिवाचक शब्द का उपयोग न करें। िवभिन्न जाति के पांच परिवारों से पारिवारिक मैत्री करें। विभिन्न समाज के महापुरुषों के कार्यक्रम में सहभागी हों। अपने परिसर में मंदिर में समरसता आरती प्रारंभ करें। इसमें सभी जाति का सहभाग होना चाहिए।
भजन और भोजन साथ : कुटुंब प्रबोधन के तहत घर के सभी सदस्य साथ मिलकर भजन और भोजन करें। घर में ऐसे साहित्य को पढ़ें, जिससे संस्कार का विकास हो। टीवी और मोबाइल फोन के विवेकपूर्ण इस्तेमाल के लिए भी जनजागरण किया जाएगा। स्वदेशी अभियान के तहत मातृभाषा में हस्ताक्षर करने का आह्वान किया जा रहा है। युवाओं पर केंद्रित विशेष कार्यक्रमों को संघ के अलावा अन्य संगठनों के सहयोग से चलाया जाएगा।
कैलेंडर तैयार : आरएसएस के सौ वर्ष पूरे होने के मौके पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ सघन जनसंपर्क शुरू करने जा रहा है। इसके अलावा नागरिक गोष्ठियां, और सद्भाव बैठकें भी होंगी। संघ ने शताब्दी वर्ष का पूरा कैलेंडर तैयार कर लिया है। विजयादशमी-2025 उत्सव पर अधिकतम स्थानों मण्डल, खंड, नगर स्तर पर संचलन भी निकालने की योजना है। संघ व्यापक जनसंपर्क शुरू करेगा, जिसमें हर गांव एवं बस्ती के प्रत्येक घर तक संपर्क करने की योजना है। युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण, सेवा गतिविधियों और पंच परिवर्तन पर केंद्रित कार्यक्रम किए जाएंगे।
Created On :   18 Sept 2025 1:05 PM IST