आर्गन डोनेट: बुजुर्ग के अंगदान से तीन को मिला नया जीवन

बुजुर्ग के अंगदान से तीन को मिला नया जीवन
दो नेत्र दिव्यांगों को मिलेगी रोशनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दुर्घटना में गंभीर घायल हुए बुजुर्ग के मस्तिष्क में तीव्र रक्तस्राव होने से उनका ब्रेन डेड हो गया। परिजनों ने अंगदान करने का निर्णय लिया। इससे तीन लोगों को नया जीवन मिला है व दो नेत्र दिव्यांगों को रोशनी मिलेगी। विशेष बात यह है कि, परिजनों ने इस बुजुर्ग का नाम सामने न लाने का निर्णय लिया है।

दुर्घटना के बाद ब्रेन डेड हो गया : जानकारी के अनुसार शहर के एक 60 साल के बुजुर्ग को एक दोपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में बुजुर्ग के सिर को गंभीर चोट लगी थी। उन्हें मेडिकल के ट्रामा केयर सेंटर में भर्ती किया गया। पिछले तीन दिन से उनका उपचार शुरु था। जांच के दौरान उनके मस्तिष्क में अधिक रक्तस्राव होने का पता चला। उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी। उपचार को प्रतिसाद नहीं मिलने पर उनके मस्तिष्क की जांच की गई। जांच में उनका ब्रेन डेड होने की पुष्टि की गई। इसके बाद डॉक्टरों ने बुजुर्ग के परिजनों को अंगदान के लिए समुपदेशन किया। उनकी 38 साल की बेटी ने अंगदान के लिए अनुमति दी। इसकी जानकारी विभागीय अंग प्रत्यारोपण समिति को दी गई। समिति ने दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी की। जरूरतमंद मरीजों की प्रतीक्षा सूची की पड़ताल की गई।

इन्हें मिला नया जीवन : सूची के अनुसार बुजुर्ग का लीवर एक निजी अस्पताल के 47 साल की महिला को, एक किडनी दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती महिला पर, दूसरी किडनी भी निजी अस्पताल में भर्ती 54 साल के पुरुष पर प्रत्यारोपित की गई। उनकी आंखों के दोनों कार्निया मेडिकल की आय बैंक को दान किए गए। अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गावंडे ने अंगदान के लिए सहयोग किया। यह इस साल का 29वां अंगदान था। अब तक जिले में कुल 124 अंगदान हो चुके हैं।

Created On :   18 Nov 2023 12:10 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story