हमला: सिरफिरे आशिक ने प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहे प्रेमिका के मामा और अपने भाई को घोंपा चाकू

सिरफिरे आशिक ने प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहे प्रेमिका के मामा और अपने भाई को घोंपा चाकू
  • आरोपी प्रेमी गिरफ्तार, पुलिस की रिमांड पर
  • हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
  • नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध बढ़ाने रोक रहे थे परिजन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सिरफिरे आशिक ने प्रेम संबंधों के बीच में आने पर प्रेमिका के मामा और खुद के भाई पर जानलेवा हमला कर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। घटना से हड़कंप मचा रहा। सक्करदरा थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को अदालत में पेश कर उसे पुलिस की रिमांड पर लिया गया।

मिलने के लिए बुलाया और हमला किया : आरोपी शुभम उर्फ मोंटू अशोक शाहू (29), सक्करदरा निवासी है। उसके 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध हैं। किशोरी के मामा को उनके प्रेम संबंधो की भनक लगी, तो उन्होंने किशोरी को फटकार लगाई, समझाया, और आरोपी से दोबारा नहीं मिलने की हिदायत दी। शुभम को भी समझाया, लेकिन वह समझने के मूड़ में नहीं था। गुरुवार को दोपहर में शुभम ने मामा को मिलने के लिए बुलाया। मामा का हाथ फ्रेक्चर होने से वह अपने मित्र के साथ भांडे प्लॉट चौक में गया, वहां दोनों में विवाद हो गया और शुभम ने गाली-गलौज कर मामा पर चाकू से हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया।

भाई ने बीच बचाव किया, तो पेट में चाकू घोंप दिया : लोगों की भीड़ देखकर आरोपी का भाई सुधांशु (31) भी वहां पहुंचा, तो उसने बीच-बचाव करने का प्रयास िकया, लेकिन सिर पर प्रेम का भूत सवार होने से शुभम ने अपने भाई सुधांशु के पेट में भी चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल हुए किशोरी के मामा और भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर में घुसकर बालिका से छेड़छाड़ आरोपी गिरफ्तार : घर में घुसकर बालिका से छेड़छाड़ करने के मामले में वाठोड़ा थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया। पीड़ित 13 वर्षीय बालिका है और कक्षा 7 में पढ़ती है। करीब पंद्रह दिन पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान सूरज गजानन पुरी (20) नामक युवक से हुई। वह उससे चैटिंग करती थी। गुरुवार को शाम करीब 4 बजे सूरज पीड़िता के घर आया और उसे अकेला पाकर उससे छेड़छाड़ की। शाम को पीड़िता ने इसकी जानकारी माता-पिता को दी। मामला थाने पहुंचने पर सूरज को गिरफ्तार कर लिया गया। सूरज सक्करदरा क्षेत्र के िकसी कैफे में काम करता है।

Created On :   6 Jan 2024 1:24 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story