धमकी: गवाही नहीं बदली, तो महिला को दी जान से मारने की धमकी , आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गवाही नहीं बदली, तो महिला को दी जान से मारने की धमकी , आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • गवाही बदलने के लिए पीड़िता को धमकाया
  • दीवार पर अभद्र बातें लिख घर पर किया पथराव
  • प्रकरण फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोर्ट में गवाही बदलने के लिए पीड़िता को धमकाया गया। गवाही नहीं बदली, तो उसे जान से मारने की धमकी दी। घर पर पथराव किया और पीछा कर उसे परेशान किया गया। लकड़गंज थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस की रिमांड पर लिया गया है।

छेड़छाड़ का प्रकरण विचाराधीन है : पीड़ित 37 वर्षीय महिला है। आरोपी सरफराज तनवीर शेख सत्तार (40), लकड़गंज निवासी है। वर्ष 2023 में पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी। प्रकरण फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। आरोप साबित होने पर सरफराज को मामले में सजा हो सकती है। सजा से बचने के लिए वह पीड़िता पर दबाव बना रहा था, ताकि वह गवाही बदले और सजा से बचा जा सके। इसके लिए 20 अक्टूबर 2023 से 4 अप्रैल 2024 के बीच आरोपी ने पीड़िता का पीछा कर उसके मन में दहशत फैलाने का प्रयास किया। इससे भी बात नही बनी, तो आरोपी ने पीड़िता के घर के पास दीवार पर पीड़िता के बारे में अभद्र बातें लिखकर उसे बदनाम किया। इस दौरान उसने रात के समय पीड़िता के घर पर पथराव कर उसके घर की खिड़कियों के कांच भी फोड़े और उसे जान से मारने की धमकी दी। मामला थाने पहुंचने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे रिमांड पर लिया गया है।

कैदी की मौत मामले में जेल के डॉक्टर की लापरवाही : स्थानीय जेल में हुई कैदी की मौत के मामले में जेल चिकित्सक की लापरवाही उजागर हुई है, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। न्यायालयीन कैदी आकाश ताराचंद गौड की स्थानीय जेल मेें मौत हुई थी। आरोप-प्रत्यारोप के चलते प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वर्ष 2023 में इसकी विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। स्वास्थ्य उपसंचालनालय की देख-रेख में इसकी विभागीय जांच की गई। जांच में प्रारंभिक तौर पर जेल चिकित्सक डॉ. पंकज रणनावरे की लापरवाही उजागर हुई है। आरोप है कि, आकाश के उपचार में डॉ. पकंज ने लापरवाही बरती, इसलिए उसकी मौत हुई। इस संबंध में डॉ. पंकज सहित अन्य लोगों से पूछताछ हुई और उनके बयान दर्ज किए गए हैं।

Created On :   6 April 2024 8:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story