- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- गरजे बादल, चमकी बिजली, गिरे ओले -...
नागपुर: गरजे बादल, चमकी बिजली, गिरे ओले - अनेक इलाकों में बिजली गुल होने से अंधेरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मध्य भारत में बनी द्रोणिका के कारण नागपुर जिले में रविवार को दूसरे दिन भी तेज हवा के साथ ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि के कारण गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन प्रभावित हुआ। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद लोगों ने बाहर जाने से परहेज किया। तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ धराशाई हुए और कई इलाकों में बिजली गुल हुई। तेज हवा व बारिश के कारण महावितरण ने कुछ समय के लिए एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी।
अधिकतम तापमान औसत से कम
बहरहाल लगातार दो दिन बारिश व ओलावृष्टि होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुली और गर्मी से राहत मिली। तेज हवा व बारिश के कारण शाम को ठंडी हवा चली। ठंडी हवा जहां सुकून दे रही थी, वहीं ओलावृष्टि के कारण बाजारों की रौनक खत्म हो गई। 19 मार्च तक नागपुर जिले बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान औसत से कम हो गया है। दमकल विभाग के कर्मचारी देर रात तक राहत व बचाव कार्य में लगे हुए थे।
किसान भारी मुसीबत में
16 व 17 मार्च को लगातार दो दिन हुई बेमौसम बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों का हुआ है। जिले में कई जगह ओलावृष्टि होने से खड़ी फसल गिर हो गई है। 11 फरवरी को हुई बेमौसम बारिश से फसलों का नुकसान हुआ था। इससे बाहर निकलते इसके पहले ही बारिश फिर एक बार किसानों पर आफत बनकर गिरी है। आम, संतरा, गेहूं, चना की फसल बुरी तरह प्रभावित हो गई।
चुनावी आचार संहिता लागू होने से सरकार कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं ले सकती। बेमौसम बारिश होते रही तो किसानों का संकट बढ़ते जाएगा आैर यह सरकार के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
Created On :   18 March 2024 6:55 PM IST













