नागपुर: खाली प्लॉटों में भरा पानी, घरों में निकल रहे सांप, शिकायत पर नहीं दे रहे ध्यान

खाली प्लॉटों में भरा पानी, घरों में निकल रहे सांप, शिकायत पर नहीं दे रहे ध्यान
  • नागरिक मच्छरों से हो रहे हैं परेशान
  • जगह-जगह खाली प्लॉट पड़े

डिजिटल डेस्क, बेसा. यहां जगह-जगह खाली प्लॉट पड़े हैं। रखरखाव के अभाव में इन प्लॉटों में गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिनमें पानी जमा हो गया है। ऐसे में खाली प्लॉट के आसपास रहने वाले लोगों के घरों में जहरीले सांप, अजगर निकल रहे हैं। यही स्थिति विश्व अखिल भारतीय सोसायटी, आनंद गृह निर्माण सोसायटी निवासियों की है। इनके घरों में आए दिन सांप निकल रहे हैं। जिसके कारण यहां के लोगों में भय व्याप्त है। यहां के लोगों ने कई बार नगर पंचायत को शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कई इलाकों में खाली प्लॉट में बड़ी-बड़ी घास है।

नपं जल्द परेशानी दूर करे

सतीश बानाईत के मुताबिक खाली प्लॉटों में लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा फेंकने के कारण परिसर में गंदगी फैली हुई है। घास अधिक बढ़ जाने से सांपों का बसेरा है। घर में सांप निकल रहे हैं। सांप के काटने का डर सता रहा है। नगरपंचायत को हमारी परेशानी जल्द से जल्द दूर करना चाहिए।

स्वास्थ्य भी खतरे में

पूनम श्रीवास्तव के मुताबिक मकान के इर्द-गिर्द खाली प्लॉट हैं। इनमें बड़ी-बड़ी घास उग आई है। ग्यारह साल से हम इस इलाके में रह रहे हैं। प्लॉट मालिक का उनके प्लॉट पर ध्यान नहीं है। आस-पास के प्लॉटों में गहरे गड्ढों कई महीनों से बारिश का पानी जमा है, जिससे परिसर में मच्छर बढ़ गए हैं और आए दिन सांप भी निकल रहे हैं। आर्थिक नुकसान के साथ स्वास्थ्य भी खतरे में है।

सता रहा है सांपों का डर

गायत्री रॉय के मुताबिक विषैले सांप निकलने से रात के समय बाहर निकलना मुश्किल होता है। कई बार घर में भी सांप घुस चुके हैं। ऐसे में सांप के काटने का डर सता रहा है।

कई इलाकों का यही हाल

मंदा कोकसे के मुताबिक यहां एक निजी कॉलेज है। कॉलेज परिसर में काफी जंगली पेड़ हैं। परिसर जंगल में तब्दील हो गया है। ऐसे में परिसर में जहरीले सांप और अजगर भी निकल रहे हैं। इससे लोगों की जान खतरे में है। इसी प्रकार से बेसा के कई इलाकों का यही हाल है।


Created On :   11 Feb 2024 11:24 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story