नाशिक: नाफेड व एनसीसीएफ खरीदेगी 5 लाख टन प्याज, केंद्र के हजार करोड़ रुपए होंगे खर्च

नाफेड व एनसीसीएफ खरीदेगी 5 लाख टन प्याज, केंद्र के हजार करोड़ रुपए होंगे खर्च
  • गर्मी की प्याज को मिला 2,900 रुपए का दाम
  • बैठक के बाद अधिकारियों ने दी जानकारी
  • लासलगांव मंडी में आखिरकार प्याज की नीलामी शुरू

डिजिटल डेस्क, नाशिक। नाफेड और भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) ने नाशिक जिले में करीब पांच लाख मीट्रिक टन प्याज खरीदी की घोषणा की है। जिसके लिए केंद्र सरकार के एक हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। नाफेड व एनसीसीएफ की ओर से शुक्रवार को नाशिक में प्याज खरीदी करने वाली संस्था व व्यक्तियों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के बाद मंडल के अधिकारियों ने बताया कि नाशिक में प्याज उत्पादक किसानों की समस्या का हल निकालने के लिए नाफेड व एनसीसीएफ के माध्यम से चुनाव के दौरान करीब पांच लाख मीट्रिक टन प्याज की खरीदी करेगा।

इससे किसानों को नुकसान भरपाई करने में मदद मिलेगी। अधिकारियाें ने कहा कि प्याज खरीदी के लिए अब स्वतंत्र एप की निर्मिती होगी। एप के माध्यम से किसान व संस्था को अपना पंजीकरण करना होगा। इसके बाद संबंधितों के पास से उनके प्याज की खरीदारी होगी। तीन दिन में पैसे किसानों के खाते में जमा होंगे। उन्होंने प्याज को पंद्रह सौ रुपए का दाम देने की तैयारी दर्शायी है।

लासलगांव मंडी में आखिरकार प्याज की नीलामी शुरू

नाशिक की लासलगांव मंडी में माथाड़ी मजदूर और व्यापारियों के बीच चल रहे विवाद के चलते लासलगांव सहित नाशिक जिले की प्रमुख 15 मंडी समिति में विगत 13 दिनों से प्याज की नीलामी बंद थी। शुक्रवार को लासलगांव कृषि उपज मंडी समिति सभापति बालासाहब क्षीरसागर, उपसभापति गणेश डोमाडे ने नए व्यापारियों को लाइसेंस देकर प्याज की नीलामी शुरू की।

इस दौरान गर्मी की प्याज को सबसे अधिक 2,900 रुपए का दाम मिला। इसके बाद प्याज उत्पादक किसानों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। हालांकि नाशिक जिला व्यापारी एसोसिएशन के व्यापारी नीलामी में शामिल नहीं हुए। 550 वाहनों के माध्यम से गर्मी की प्याज मंडी में पहुंची। इस दौरान प्याज को अधिकतम 2,900 रुपए का दाम मिला। औसतन दाम 1,550 और न्यूनतम दाम 1,000 रुपए प्रति क्विंटल रहा।


Created On :   13 April 2024 2:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story