महाभारत 2024: नागपुर में लिखी गई सीता सोरेन को भाजपा में शामिल कराने की स्क्रिप्ट, जानिए कैसे

नागपुर में लिखी गई सीता सोरेन को भाजपा में शामिल कराने की स्क्रिप्ट, जानिए कैसे
  • पूर्व पार्षद चेतना टांक के जरिए हुआ प्रवेश
  • सीता सोरेन को भाजपा में शामिल
  • सोरेन ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा किया था

डिजिटल डेस्क, नागपुर, संजय देशमुख। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार को भाजपा का दामन थाम लिया। सीता सोरेन को भाजपा में शामिल कराने की स्क्रिप्ट नागपुर में लिखी गई। भाजपा की पूर्व पार्षद चेतना टांक ने उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के माध्यम से सीता सोरेन की एन्ट्री मोदी परिवार में करवाई है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद सीता सोरेन ने मुख्यमंत्री पद के लिए दावा किया था। लेकिन हेमंत सोरेन ने चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बना दिया जिसके बाद से सीता सोरेन पार्टी से नाराज चल रहीं थीं।

झारखंड की सियासत में सीता सोरेन की काफी मजबूत पकड़ मानी जाती। दो बार पार्षद रहीं चेतना टांक और सीता सोरेन सहेली हैं। चेतना टांक का नैनिहाल झारखंड के चक्रधरपुर शहर का है और उनका जन्म भी वहीं हुआ है।


पंद्रह दिन पहले सीता सोरेन ने चेतना टांक से संपर्क कर भाजपा में प्रवेश करने की इच्छा जताई थी। चेतना टांक ने देवेन्द्र फडणवीस से इस संबंध में चर्चा करने के बाद पिछले सप्ताह सीता सोरेन को नागपुर बुलवाया। इसके बाद फडवणीस ने गृहमंत्री अमित शहा और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्‌डा से चर्चा की और प्रवेश को अंतिम रूप दिया गया। वर्ष 2010 में भाजपा के साथ गठबंधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा की झारखंड में सरकार बनी थी और शिबू सोरेन पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। उस समय भी चेतना टांक ने जेएमएम का गठबंधन करने में प्रमुख भूमिका निभायी थी। तब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन गडकरी थे।

पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव समेत सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया था। इसके साथ ही सीता सोरेन ने विधानसभा की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे दिया था।

अब सीता सोरेन ने बीजेपी का दामन भी थाम लिया है। संभावना यह भी बढ़ी है कि दुमका लोकसभा सीट से बीजेपी अपने उम्मीदवार को बदल सकती है। नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में विनोद तावड़े की मौजूदगी में सीता सोरेन को बीजेपी की सदस्यता दिलाई गई।



Created On :   20 March 2024 2:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story