बड़ा आंदोलन: 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे किसान, शुक्रवार को निकाला गया ट्रैक्टर मार्च

13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे किसान, शुक्रवार को निकाला गया ट्रैक्टर मार्च
  • पंजाब में जोरों से चल रही तैयारियां
  • पंजाब और हरियाणा के किसान 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे
  • चक्का जाम की स्थिति बन सकती है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी वाले कानून सहित विभिन्न मांगों को लेकर पंजाब और हरियाणा के किसान 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे। किसानों के दिल्ली पहुंचने पर फिर चक्का जाम की स्थिति बन सकती है। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि 13 फरवरी के दिल्ली कूच की तैयारी के लिए शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) के सदस्य भारतीय किसान यूनियन (खेती बचाओ) ने ट्रैक्टर मार्च निकाला, जिसमें 3,000 से अधिक ट्रैक्टरों ने हिस्सा लिया।

यह मार्च अहरवां गांव से बनगांव तक निकाला गया। इसके बाद एक पंचायत हुई। इस मार्च में किसान नेता जरनैल सिंह चहल, जगजीत सिंह डल्लेवाल, लखविंदर सिंह औलख, अभिमन्यु कोहाड़, गुरदास सिंह आदि ने शिरकत की। कोहाड़ ने कहा कि 13 फरवरी को हम आर-पाार की लड़ाई लड़ने के लिए दिल्ली जाएंगे। किसानों की मांगों में एमएसपी गारंटी कानून बनाने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने, किसानों एवं मजदूरों का कर्ज माफ करने, लखीमपुर खीरी के शहीद किसानों को न्याय दिलाने सहित 8 मांगें शामिल है। इसके पहले 3 फरवरी को हिसार के नारनौंद में किसान महारैली होगी।

पंजाब में जोरों से चल रही तैयारियां

अन्नदाता किसान यूनियन की बैठक मंगलवार को जिला ग्रामीण अध्यक्ष जुगराज सिंह मंड के नेतृत्व की गई। यूनियन अध्यक्ष गुरमुख सिंह विरक और पंजाब प्रदेश अध्यक्ष जत्थे तरनजीत सिंह निमाणा ने कहा कि यूनियन का पंजाब में विस्तार किया जा रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसानों की बाकी मांगों को पूरा कराने के लिए अन्नदाता किसान यूनियन 13 फरवरी को दिल्ली की ओर कूच करेगी।

इस संबंध में तैयारियां की जा रही हैं और 3 फरवरी को हरियाणा में एक बड़ी बैठक की जाएगी। जिला ग्रामीण अध्यक्ष जुगराज सिंह मंड ने कहा कि अन्नदाता किसान यूनियन हमेशा किसानों के साथ खड़ा है और उनकी मांगों के लिए संघर्ष कर रहा है। मंच सचिव की भूमिका राज्य सचिव परमजीत सिंह नाथ ने निभाई।



Created On :   2 Feb 2024 2:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story