New Delhi News: बंगले के मुख्य द्वार पर अव्यवस्था से भड़के सांसद सावंत, वीडियो पोस्ट कर जताई नाराजगी

- सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर जताई नाराजगी
- संसद के सामने ये स्थिति तो बाकी जगह का क्या होगा हाल
- अव्यवस्था से भड़के सांसद अरविंद सावंत
New Delhi News. राष्ट्रीय राजधानी में स्वच्छता को लेकर चाहे जो दावे किए जा रहे हों, लेकिन एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद ने लुटियन जोन में साफ-सफाई की कलई खोल दी है। शिवसेना उद्धव गुट के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि जब संसद के समीप अव्यवस्था की यह स्थिति है, तो सहज ही समझा जा सकता है कि और जगह पर क्या स्थिति होगी।
शिवसेना उद्धव गुट के सांसद अरविंद सावंत ने सोमवार को सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया है। यह वीडियो पंडित पंत मार्ग स्थित उनके बंगले का है। सावंत ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस आयुक्त और परिवहन विभाग को टैग किया है।
सावंत ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है,”ये है मेरे दिल्ली के निवास की स्थिति। स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाने वाली दिल्ली की महानगर निगम, कानून और यातायात पर कड़ी निगरानी रखने वाली पुलिस व्यवस्था कहा है? बार-बार विनती करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा है संसद के सामने यह स्थिति है तो और जगह पर क्या होता होगा? ” वीडियो में देखा जा सकता है कि सांसद के आवास के मुख्य द्वार के सामने पानी और कीचड़ है। इसके साथ ही बसें और कुछ गाड़ियां खड़ी हैं। बंदले की बाउंड्री वॉल से लगी दुकान भी नजर आ रही है। इसको लेकर सांसद ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी तल्ख आपत्ति दर्ज कराई है।
मराठी में पोस्ट न करने पर फॉलोवर्स ने जताई नाराजगी
महाराष्ट्र में भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच सावंत की ओर से हिंदी में किए गए ट्वीट की वजह से फॉलोवर्स की नाराजगी का भी सामना करना पड़ा है। एक यूजर ने नाराजगी जताते हुए मराठी में लिखा, “ सर, आपने इसे मराठी में क्यों नहीं पोस्ट किया?”
Created On :   7 July 2025 6:28 PM IST