New Delhi News: प्रियंका गांधी ने कहा - मोदी सरकार अरबपतियों पर मेहरबान, किसानों की नहीं परवाह

- किसानों का मदद कर बचाई जा सकती थी जान
- मोदी सरकार अरबपतियों पर मेहरबान
New Delhi News. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महाराष्ट्र में किसानों के आत्महत्या के मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर अरबपतियों पर मेहरबान होने और किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अरबपतियों के करोड़ों रुपए माफ कर दिए, लेकिन किसानों की छोटी सी मदद कर के उनकी जान बचाने के बारे में कभी नहीं सोचा।
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक अखबार में छपी खबर को साझा करते हुए पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र में 3 महीनों में 767 किसानों ने आत्महत्या कर ली, यानी रोजाना 8 किसान अपनी जिंदगी खत्म कर रहे हैं। आर्थिक तंगी, बढ़ता कर्ज, बर्बाद होती फसलें, खाद-बीज-डीजल की महंगाई और फसलों का उचित मूल्य न मिलना किसानों के गले की फांस बन गया है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने चंद अरबपतियों के तो 16 लाख करोड़ रुपए माफ कर दिए, लेकिन जिन किसानों से 'दोगुनी आय' का वादा किया था, छोटी सी मदद देकर उनकी जान बचाने के बारे में भी कभी नहीं सोचा। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को राज्य विधानसभा में खुलासा किया कि जनवरी से मार्च 2025 तक राज्य में कुल 767 किसानों की आत्महत्या की घटनाएं हुईं और उनमें से अधिकांश विदर्भ क्षेत्र में हुईं।
Created On :   3 July 2025 7:36 PM IST