New Delhi News: शताब्दी वर्ष में हर गांव, हर घर तक पहुंचेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ

- देश में बस्ती और मंडल स्तर पर आयोजित होंगे हिंदू सम्मेलन
- हर घर तक पहुंचेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ
New Delhi News. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शताब्दी वर्ष में देश के हर गांव, हर घर तक पहुंचने की योजना बनाई है। शताब्दी वर्ष के दौरान समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल और शहरी क्षेत्रों में बस्ती स्तर पर हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। आरएसएस की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक की तीन दिवसीय बैठक के बाद संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने केशवकुंज में आयोजित संवाददाता-सम्मेलन में कहा कि बैठक में संघ कार्य विस्तार, शताब्दी वर्ष योजना, विभिन्न प्रांतों में चल रहे कार्य, मणिपुर की वर्तमान स्थिति, स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे कार्य और सामाजिक सद्भाव के लिए किए जा रहे प्रयासों के संबंध में चर्चा हुई।
आंबेकर ने बताया कि वर्तमान में देश में संघ रचना से 58,964 मंडल, 4455 बस्तियां हैं। हिन्दू सम्मेलनों में समाज के उत्सवों, सामाजिक एकता व सद्भाव, पंच परिवर्तन के विषयों पर चर्चा होगी। इसी प्रकार समाज में सद्भाव-समरसता को बढ़ावा देने के लिए 11360 खंडों/नगरों में सामाजिक सद्भाव बैठकों का आयोजन होगा। आंबेकर ने बताया कि संघ रचना के अनुसार देश के 924 जिलों में प्रमुख नागरिक गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान एक तरह से सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी होगा। विजयादशमी उत्सव से शताब्दी वर्ष का शुभारंभ होगा। देशभर में आयोजित विजयादशमी उत्सवों में सभी स्वयंसेवक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में भी घर घर जाने का आयोजन हुआ था। उस समय हम करोड़ों घरों और दो लाख से ज्यादा गांवों तक पहुंचे थे। इस बार भी गृह संपर्क में अधिकतर घरों, शहरों-बस्तियों में पहुंचा जाएगा। शताब्दी वर्ष का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी स्थानों तक लोगों और विचारों तक पहुंचना है।
Created On :   7 July 2025 6:58 PM IST