अप्रैल में 49 साल का रिकॉर्ड टूटा बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात 14.6 मिमी बरसात

अप्रैल में 49 साल का रिकॉर्ड टूटा बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात 14.6 मिमी बरसात
मुंबई में बेमौसम बारिश अप्रैल में 49 साल का रिकॉर्ड टूटा बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात 14.6 मिमी बरसात

-1974 में 22 अप्रैल को हुई थी 7.2 मिमी वर्षा
-अगले 3 दिन हल्की-मध्यम बारिश की संभावना 

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मोफिद खान. देश की आर्थिक राजधानी में बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात बिजली की कड़क और बादलों की गर्जना के बीच बेमौसमी बारिश हुई। कुछ पश्चिमी उपनगरों में 14.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज हुई, जो बीते 49 साल की रिकॉर्ड है। इससे पहले 1974 में 22 अप्रैल को 7.2 मिमी बारिश हुई थी। कई पश्चिमी उपनगरों में जहां अच्छी बारिश हुई, वहीं पूर्वी उपनगरों में बूंदा- बांदी हुई। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक मुंबई व आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने दो दिन पहले ही गुरुवार और शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई थी। वरिष्ठ मौसम अधिकारी सुषमा नायर ने कहा कि एक टर्फ विदर्भ से  कर्नाटक के उत्तर- पूर्वी तटीय इलाके की ओर महाराष्ट्र से होते हुए गुजर रहा है। इसके चलते मुंबई व आसपास की संभावना बनी हुई है। 

सेहत को संभालें

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दीपक बैद ने कहा कि बेमौसमी बारिश होने पर तापमान घटने के बाद तेजी से बढ़ता है। ऐसे मौसम में फ्लू की बीमारी बढ़ जाती है। बुखार, सर्दी, खांसी की शिकायतें मरीजों में अधिक पाई जाती हैं। लोगों को खान-पान में सावधानी बरतनी चाहिए। बाहर के खाने से परहेज करना चाहिए। गर्मी ज्यादा है तो जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए।। 

गर्मी में क्यों पड़ते हैं ओले 

पिछले कुछ वर्षों से गर्मी के दिनों में ओलावृष्टि होने लगी है। मौसम विज्ञान की दृष्टि से ओले गिरने के लिए दो बातें आवश्यक हैं। एक- हवा अधिक ऊंचाई तक जानी चाहिए और दूसरा हवा में वाष्प की मात्रा अधिक होनी चाहिए। ऐसे हालात बने तो ओलावृष्टि की संभावना बढ़ जाती है।

 

Created On :   13 April 2023 3:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story