केले की फसल नुकसान के लिए 15 करोड़ 82 लाख,  बारिश शुरु होने के बाद भी चारा छावनी में उपलब्ध रहेंगी सेवाएं

15 crore 82 lakhs Compensation for banana crop damage
केले की फसल नुकसान के लिए 15 करोड़ 82 लाख,  बारिश शुरु होने के बाद भी चारा छावनी में उपलब्ध रहेंगी सेवाएं
केले की फसल नुकसान के लिए 15 करोड़ 82 लाख,  बारिश शुरु होने के बाद भी चारा छावनी में उपलब्ध रहेंगी सेवाएं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जलगांव में जून 2018 में आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश के कारण केले के फसल को पहुंची क्षति के लिए किसानों को 15  करोड़ 82 लाख 53 हजार रुपए नुकसान भरपाई देने की मंजूरी दी गई है। सोमवार को प्रदेश के राजस्व तथा मदद व पुनर्वसन मंत्री चंद्रकांत पाटील ने यह जानकारी दी। पाटील ने बताया कि जलगांव के लगभग 8013 किसानों को 15 करोड़ 82 लाख 53 हजार रुपए की निधि देने के लिए प्रशासकीय मंजूरी दे दी गई है। नुकसान भरपाई की राशि तत्काल जलगांव के जिलाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया है। पिछले साल 1 से 21 जून के बीच जलगांव में आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश के कारण केले की फसलों को काफी नुकसान हुआ था।

बारिश शुरु होने के बाद भी चारा छावनी में उपलब्ध होती रहेंगी सेवाएं

इसके अलावा बारिश शुरु होने के बाद भी जानवरों के लिए पर्याप्त पानी और चारा उपलब्ध होने तक चारा छावनी और पीने के पानी के लिए टैंकर शुरू रहेगा। प्रदेश के राजस्व मंत्री तथा सूखा निवारण के लिए गठित राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने यह जानकारी दी। सोमवार को मंत्रालय में उपसमिति की बैठक हुई। पाटील ने कहा कि राज्य में 17 जून तक बारिश की शुरुआत होने की संभावना है। इसके बाद जलयुक्त शिवार योजना के जरिए किए गए कामों की जगह पर जलसंचय शुरू हो जाएगा। पाटील ने बताया कि राज्य के 4920 गांवों और 10 हजार 506 बस्तियों में 6209 टैंकरों से पीने के लिए पानी पहुंचाया जा रहा है। पाटील ने बताया कि राज्य में 1583 चारा छावनी शुरू है। इसमें बड़े-छोटे मिलाकर 10 लाख 68 हजार 375 पशु हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले के अनुसार राज्य में भेड़ और बकरियों के लिए पहली चारा छावनी सोलापुर के सांगोला तहसील में शुरू हो गई है। पाटील ने बताया कि रोजगार गारंटी योजना के तहत 38 हजार 811 काम शुरू है। इसमें 3 लाख 77 हजार 328 मजदूर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में सूखा प्रभावित 67 लाख 47 हजार 835 किसानों के बैंक खाते में 4419 करोड़ रुपए जमा कराए गए हैं। 

जलगांव में केले की फसल के नुकसान का होगा पंचनामा

जलगांव में रविवार को हुई बारिश के कारण केले की फसल को हुए नुकसान का पंचनामा करने का निर्देश दिया गया है। राजस्व मंत्री पाटील ने यह जानकारी दी। पाटील ने कहा कि सरकार केला उत्पादक किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। सूत्रों के अनुसार सूखा निवारण उपसमिति की बैठक में सूखा प्रभावित किसानों को खरीफ की बुवाई के लिए मुफ्त में बीज दिया देने को लेकर चर्चा हुई। हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका है। 

Created On :   3 Jun 2019 3:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story