- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र के 15 लाख सरकारी अधिकारी...
महाराष्ट्र के 15 लाख सरकारी अधिकारी - कर्मचारी करेंगे हड़ताल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सातवें वेतन आयोग की सिफारिश के अनुसार वेतन की मांग को लेकर राज्य के सरकारी अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक आगामी 7 से 9 अगस्त के दौरान हड़ताल पर जाने वाले हैं। महाराष्ट्र राज्य राजपत्रित अधिकारी महासंघ के मुख्य सलाहकार जीडी कुलथे ने गुरुवार को मंत्रालय में कहा कि अब इस संबंध में सरकार से कोई बातचीत नहीं होगी। अब सीधे हड़ताल शुरु करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि सातवे वेतन आयोग की सिफारिश लागू करने के लिए तीन महीने पहले वित्तमंत्री फाईल पर हस्ताक्षर कर चुके हैं। लेकिन तब से यह फाईल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की टेबल पर पड़ी हुई है। सरकार की तरफ से लापरवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पांच दिन के कार्यदिवस को लेकर भी वित्त विभाग सकारात्मक है। कुलथे ने कहा कि राज्य में सरकारी कर्मचारियों को समय पर मंहगाई भत्ता नहीं दिया जाता। राज्य में करीब 2 लाख पद रिक्त हैं। आगामी 7 से 9 अगस्त के दौरान होने वाले तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल में राज्य के 72 राज्यपत्रित अधिकारी संगठन, अनुदानित शिक्षक, मुख्याध्यापक संगठन सहित अस्पताल, सार्वजनिक क्षेत्र के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन भी इस हड़ताल में हिस्सा लेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस हड़ताल में डेढ़ लाख राजपत्रित अधिकारियों सहित 15 लाख अन्य सरकारी कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
Created On :   2 Aug 2018 8:51 PM IST