- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फर्जी विवाह प्रमाणपत्र के जरिए...
फर्जी विवाह प्रमाणपत्र के जरिए हड़पी 20 करोड़ की संपत्ति, महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रेमी की मौत के बाद फर्जी विवाह प्रमाणपत्र बनाकर उसकी करीब 20 करोड़ रुपए की संपत्ति हड़पने के मामले में ठाणे पुलिस की अपराध शाखा ने एक 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। फर्जी कागजात बनाने में महिला की मदद करने वाले दो आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। गिरफ्तार महिला आरोपी का नाम अंजलि अग्रवाल जबकि उसके साथियों के नाम थॉमसर गोडपवार और महेश काटकर है। गोडपवार चर्च में फादर है। कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों को 7 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में सुरेखा पापडे नाम की महिला ने नौपाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। दरअसल सुरेखा के बेटे अनिल पापडे और अंजलि के प्रेम संबंध थे। अनिल की पिछले साल 23 नवंबर को मौत हो गई थी। इसके बाद अंजलि ने दावा किया कि उसका अनिल के साथ विवाह हो चुका है।
विवाह प्रमाणपत्र दिखाते हुए उसने अनिल के तीन फ्लैट, जमीन और गहनों समेत 19 करोड़ 70 लाख रुपए की संपत्ति हथिया ली। लेकिन सुरेखा इस बात को लेकर आश्वस्त थीं कि उनके बेटे ने अंजलि से शादी नहीं की थी और विवाह प्रमाणपत्र फर्जी है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने भी जांच में पाया कि अंजलि द्वारा पेश किया गया विवाह प्रमाणपत्र फर्जी है। इसके बाद उसके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली। एफआईआर दर्ज होने के बाद अंजलि फरार हो गई थी लेकिन पुलिस ने उसे ढूंढ निकाला। पूछताछ में उसने फर्जी प्रमाणपत्र बनाने में मदद करने वाले अपने दो साथियों के नाम बताए जिसके बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।
Created On :   4 Oct 2022 9:11 PM IST