- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 5 करोड़ का कर्ज दिलाने के नाम पर...
5 करोड़ का कर्ज दिलाने के नाम पर महिला से ठगे 21 लाख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बिना ब्याज पांच करोड़ रुपए कर्ज दिलाने का झांसा देकर एक महिला और उसके भाई से 21 लाख रुपए ठगी का मामला सामने आया है। रूपए देने के बाद भी जब कर्ज नहीं मिला तो महिला ने ठगी करने वाले छह आरोपियों के खिलाफ ठाणे के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों में एक महिला भी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। महिला की शिकायत है कि उससे मुहम्मद कुलाबावाला, जयदीप गोखले, शिरीष अय्यर, संजय चव्हाण, प्रमोद और शोभा नाम के आरोपियों ने ठगी की।
विवाद के चलते अपने पति से अलग रहती है शिकायतकर्ता
शिकायतकर्ता रियल इस्टेट कंसल्टंट का व्यवसाय करती है और विवाद के चलते अपने पति से अलग रहती है। उसने पुलिस को बताया कि वह साल 2016 के शुरू में इस्टेट एजेंट जयदीप गोखले के संपर्क में आई थी। महिला ने उसे आर्थिक परेशानी के बारे में बताया तो जयदीप ने दावा किया कि मामा-भांजा दरगाह के ट्रस्टी उसकी पहचान के हैं और वह बिना ब्याज पांच करोड़ रुपए का कर्ज दिला सकता है। गोखले ने दावा किया का ट्रस्ट में कई नेताओं का कालाधन है। इसके बाद उसने महिला की मुलाकात कुलाबावाला नाम के शख्स से कराई जो खुद को ट्रस्ट से जुड़ा हुआ बता रहा था।|
खर्चों के नाम पर महिला से लिए 21 लाख रुपए
कर्ज के लिए आवेदन और विभिन्न खर्चों के नाम पर महिला से 21 लाख रुपए ले लिए गए। इसके बावजूद जब महिला को लंबे समय तक कर्ज नहीं मिला तो वह हनुमान नगर स्थित मामा-भांजा दरगाह ट्रस्ट के ऑफिस में पूछताछ करने पहुंची। यहां महिला को बताया गया कि कोलाबावाला नाम को कई ट्रस्टी नहीं है। इसके बाद महिला ने आरोपियों से रुपए वापस करने के लिए संपर्क किया तो वे टालमटोल करने लगे। ठगी का एहसास होने के बाद महिला ने श्रीनगर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
Created On :   3 Dec 2017 6:58 PM IST