- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कंट्रोल रुम में फोन कर महिला...
कंट्रोल रुम में फोन कर महिला पुलिसकर्मियों से करते थे अश्लील बातें, तीन गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कंट्रोल रूम में फोन कर महिला पुलिसकर्मियों से अश्लील बातें करने वाले तीन आरोपियों को ठाणे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुरूआत में महिला पुलिसकर्मियों ने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने अपनी हरकतें जारी रखी तो मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। तीनों आरोपी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हैं और डोंबिवली के मानपाडा इलाके में मजदूरी कर गुजर बसर करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मुकेश सक्सेना (19), गिरीश सक्सेना(19) और आशु गौड (24) है। जरूरत पड़ने पर पुलिस की तुरंत मदद ली जा सके इसलिए 100 नंबर उपलब्ध कराया गया है। लेकिन पकड़े गए आरोपी देर रात इस नंबर पर फोन करते थे और अगर फोन महिला पुलिसकर्मी ने उठाया तो उसके साथ अश्लील बातें शुरू कर देते थे। आरोपी 27 जून से लगातार फोन कर महिला पुलिसकर्मियों से अश्लील बातें कर रहे थे। सीनियर इंस्पेक्टर मंगेश सावंत ने बताया कि शुरूआत में महिला पुलिसकर्मियों ने इसे शराबियों की हरकत समझकर नजअंदाज किया लेकिन आरोपी 7 जुलाई तक लगातार इसी तरह फोन कर महिला पुलिसकर्मियों को परेशान करते रहे तो नगर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। एफआईआर दर्ज करने के कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपियों के नंबर और लोकेशन से जुड़ी जानकारी हासिल कर उन्हें डोंबिवली के मानपाडा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। सावंत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 509, 504 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है मामले की छानबीन की जा रही है।
किराए पर कार लेकर बेंचने वाला गिरोह गिरफ्तार
उधर चलाने के लिए किराए पर कार लेने के बाद उसे बेंचकर गाड़ी मालिकों को चूना लगाने वाले एक गिरोह का ठाणे पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पहले से दूसरे मामले में जेल में बंद एक और आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर दो गाड़ियां भी बरामद की गईं हैं जिनकी कीमत 11 लाख रुपए है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम नरेश शेट्टी और भास्कर पवार है। इसके अलावा गोरखनाथ पांडे नाम का एक आरोपी है जो दूसरे मामले में पहले से जेल में बंद है। कोपरी इलाके में रहने वाले किशोर शुंभे ने मामले की शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने रोजाना 3 हजार रुपए किराया देने का झांसा देकर उनकी मारुती इर्टिगा कार ले गए। लेकिन आरोपियों ने उन्हें किराए की रकम नहीं दी और संपर्क तोड़ लिया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कासरवडवली पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 420, 406 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों को जाल बिछाकर ठाणे के ब्रह्मांड सर्कल इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो कारें बरामद की गईं हैं। उन्होंने कितने लोगों को इसी तरह कार किराए पर लेने के नाम पर चूना लगाया है पुलिस इसकी छानबीन कर रही है।
Created On :   8 July 2019 8:48 PM IST