- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- न्यू ईयर जश्न के लिए लाया गया 3...
न्यू ईयर जश्न के लिए लाया गया 3 करोड़ का नशीला पदार्थ जब्त

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का नशीला पदार्थ पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद इफिड्रिन नाम का ड्रग्स नए साल की पार्टियों के दौरान इस्तेमाल के लिए हैदराबाद से मुंबई लाया गया था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस इंस्पेक्टर दया नायक की अगुआई में अंबोली पुलिस की टीम ने अग्रवाल एस्टेट रोड पर रविवार रात जाल बिछाकर मुहम्मद इस्माल गुलाम हुसैन (45) और दयानंद मुददानर (32) नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 20 किलो 348 ग्राम इफिड्रिन बरामद किया है। बाजार में नशे की इस खेप की कीमत 3 करोड़ 4 लाख 5 हजार रुपए बताई जा रही है।
आरोपियों के पास से पुलिस ने तलाशी के दौरान 15 हजार 740 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को इससे पहले नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 2013 में हैदराबाद इलाके में 200 किलो इफिड्रिन के साथ गिरफ्तार किया था। साल 2015 में दोनों जमानत पर छूटे थे, इसके बाद दोनों ने फिर नशे का कारोबार शुरू कर दिया।
इस मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर दया नायक ने बताया कि आरोपी मुंबई में नशे के सौदागरों को इतनी बड़ी खेप सौंपने आए थे। यह नशीला पदार्थ नए साल के जश्न के दौरान युवाओं की रगों में उतारने की कोशिश थी। उन लोगों की पहचान कर ली गई है, मुंबई में जिन्हें नशे की यह खेप पहुंचाई जानी थी। जल्द ही उन आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
Created On :   31 Dec 2018 7:48 PM IST