फर्जी कागजात के सहारे फाइनेंस कंपनी को लाखों का चूना लगाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

5 accused arrested for fraud with finance company on fake documents
फर्जी कागजात के सहारे फाइनेंस कंपनी को लाखों का चूना लगाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
फर्जी कागजात के सहारे फाइनेंस कंपनी को लाखों का चूना लगाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फर्जी कागजात से सहारे ऑनलाइन कर्ज देने वाली फाइनेंस कंपनी अर्ली सैलरी प्रायवेट लिमिटेड को 26 लाख रुपए से ज्यादा का चूना लगाने वाले पांच आरोपियों को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से देशभर से 300 से ज्यादा लोगों से जुड़ी जानकारी मिली है। इन्हीं जानकारियों के सहारे फर्जी कागजात तैयार कर कर्ज के रूप में ऑनलाइन वाउचर लेते थे और फिर उसका इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट, अमेजान जैसी ऑनलाइन शॉपिंग साइट से सामान खरीद लेते थे। आरोपियों को मुंबई के कुर्ला इलाके से दबोचा गया। उनके पास से इसी तरह ठगी कर खरीदे गए 33 एयर कंडिशनर, चार फ्रिज, पांच वाशिंग मशीन, एक टीवी के साथ 60 फर्जी आधार कार्ड और 63 पैनकार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम परवेज शाह, फिरोज शाह, फैज शाह, अमजद अब्दुल खान, सलीम शेख है। सीनियर इंस्पेक्टर संजय गोविलकर की अगुआई में पुलिस की टीम ने आरोपियों को दबोचा। कंपनी ने मामले में अप्रैल महीने में शिकायत दर्ज कराई थी। दरअसल कंपनी ने पाया कि 15 ग्राहकों ने कंपनी के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करते हुए ईवाउचर के रुप में कर्ज ले लिया लेकिन पैसे वापस नहीं किए। कंपनी के प्रतिनिधि कागजात में दर्ज पते पर पहुंचे तो वहां उस नाम का कोई नहीं था।

जांच में पता चला कि जिन कागजात के आधार पर आरोपियों ने कर्ज लिया था वह फर्जी थे। आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ है कि उन्होंने लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्मदिन, पता, बैंक स्टेटमेंट और दूसरी जानकारियां ऑनलाइन इसे बेंचने वालों से खरीदी थीं। आरोपी कंपनी का ऐप डाइनलोड करने के बाद दूसरे लोगों से जुड़ी जानकारी दर्ज कराते थे। आरोपी ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीदारी करते थे और उसे कुर्ला इलाके में स्थित दुकानों में थोड़ी कम कीमत में बेंच देते थे। आरोपियों ने कंपनी को अब तक कुल 26 लाख 20 हजार रुपए का चूना लगाया था। आरोपियों की पहचान मुश्किल थी लेकिन पुलिस ने लोकेशन के आधार पर कुर्ला के खैरानी रोड पर स्थित उस दुकान पर छापा मारा जहां आरोपी बार बार आते जाते थे। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और दुकान से ऑनलाइन खरीदे गए सामान भी बरामद किए गए।

 

Created On :   20 Jun 2021 1:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story