- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- चार साल में सूखे के मद्देनजर CM फंड...
चार साल में सूखे के मद्देनजर CM फंड में जमा हुए 87 करोड़, 50 करोड़ बांटे, 37 करोड़ बाकी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। वर्ष 2015 से अब तक महाराष्ट्र में सूखे के बाद मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा हुए 87 करोड़ रुपयों में से 50 करोड़ का वितरण किया गया था। अभी सीएम फंड में 37 करोड़ रुपए बचे हुए हैं। सूचना अधिकारी कानून (आरटीआई) के तहत मुख्यमंत्री सचिवालय ने यह जानकारी दी है। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने मुख्यमंत्री सचिवालय से इस संबंध में जानकारी मांगी थी।
मुख्यमंत्री सहायता निधि के सहायक लेखाधिकारी मिलिंद काबाडी ने गलगली को बताया कि वर्ष 2015-16 वित्त वर्ष में 32 करोड़ 21 लाख 30 हजार 331 रुपए मुख्यमंत्री सहायता निधि में जमा हुए, जबकि उस वर्ष 60 लाख रुपए वितरित किए गए थे। वर्ष 2016-2017 वित्त वर्ष में 28 करोड़ 53 लाख 3 हजार 74 रुपए जमा हुए और सरकार ने 30 करोड़ 50 लाख वितरित किए। वर्ष 2017-18 में 25 करोड़ 61 लाख 36 हजार 826 रुपए प्राप्त हुए और 7 करोड़ 95 लाख का वितरण किया गया।
1 अप्रैल 2018 से दिसंबर 2018 तक 1 करोड़ 15 लाख 72 हजार 530 रुपए जमा हुए। इस दौरान 11 करोड़ 45 लाख 52 हजार रुपए सरकार ने वितरित किए। सूखा घोषित किए जाने से अबतक 87 करोड़ 51 लाख 42 हजार 761 रुपए मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में सूखे के लिए जमा हुए जिसमें से सरकार ने 50 करोड़ 50 लाख 52 हजार रुपए वितरित किए गए जबकि आज मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में 37 करोड़ 90 हजार 761 रुपए शेष हैं।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने निधि वितरण के संबंध में उन इलाकों की जानकारी देने से इंकार किया जहां यह राशि वितरित की गई। बताया गया है कि सूखे से निपटने के लिए जिलाधिकारियों की तरफ से आनी वाली मांग के हिसाब से निधि जारी की जाती है। गलगली ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कहा है कि मुख्यमंत्री सहायता निधि के फंड का ब्यौरा वेबसाईट पर उपलब्ध कराई जाए।
Created On :   17 Jan 2019 7:44 PM IST