- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंबई में 6 सालो में 92% कम हुए चेन...
मुंबई में 6 सालो में 92% कम हुए चेन स्नेचिंग के मामले, सीसीटीवी से लगी लगाम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में चप्पे-चप्पे पर लगे सीसीटीवी कैमरों का सबसे बड़ा फायदा चेन स्नेचिंग की वारदातों पर लगाम लगाने में हुआ है। पिछले छह सालों में महानगर में चेन स्नेचिंग की वारदातों में करीब 92 फीसदी की गिरावट आयी है। साल 2013 में चेन स्नेचिंग की 2090 वारदातें दर्ज हुईं थीं, लेकिन साल 2018 में यह घटकर सिर्फ 171 रह गईं। जो वारदातें हुईं भी हैं पुलिस उनमें से ज्यादातर सुलझाने में कामयाब रही। आरटीआई से मिले आंकड़ों के मुताबिक साल 2013 से 2018 के बीच महानगर में चेन स्नेचिंग के कुल 5193 मामले दर्ज किए गए। इन वारदातों में चोरों ने लोगों खासकर महिलाओं के गले से 35 करोड़ 15 लाख 31 हजार 111 रुपए कीमत के सोने की चेन चुराई। आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने महानगर में चेन स्नेचिंग की वारदातों और चोरी हुए माल की बरामदगी से जुड़ा सवाल पूछा था। जवाब में मुंबई पुलिस विभाग के जनसूचना अधिकारी एचवाय गुंड ने जो जानकारी उपलब्ध कराई है उसके मुताबिक पिछले छह सालों में दर्ज 5193 मामलों में से 2338 मामले सुलझाने में कामयाब रही। चोरों से 7 करोड़ 12 लाख 68 हजार 30 रुपए की संपत्ति बरामद करने में कामयाब रही। हालांकि यह चोरी हुई संपत्ति का करीब 20 फीसदी ही है। शेख के मुताबिक तकनीक के सहारे अगर पुलिस ज्यादा सतर्कता से कार्रवाई करे तो और ज्यादा वारदातों पर लगाम लगाई जा सकती है क्योंकि अब शहर के हर कोने में सीसीटीवी है ऐसे में अपराधियों का बचकर निकलना आसान नहीं है।
साल वारदातें चोरी संपत्ति (कीमत) सुलझे मामले
2013 2090 139537987 793
2014 1409 98725644 648
2015 909 59213700 419
2016 445 29630380 245
2017 169 12419000 113
2018 171 12004400 120
Created On :   10 Jun 2019 7:08 PM IST