आतिशबाजी के दौरान दुकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर खाक

A huge fire broke out in the shop during the fireworks, all the goods were burnt to ashes
आतिशबाजी के दौरान दुकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर खाक
हादसा आतिशबाजी के दौरान दुकान में लगी भीषण आग, सारा सामान जलकर खाक

डिजिटल डेस्क, अमरावती। गुरुवार की रात शहर में दीप पर्व का उत्साह आतिशबाजी के साथ मनाया जा रहा था। आतिशबाजी के कारण शहर के मुख्य बाजारपेठ स्थित गांधी चौक की अंबाई बैग शॉप में आग लग गई। रात करीब 1.30 बजे हुई आगजनी की घटना में दुकान में रखी लाखों की सामग्री जलकर राख हो गई। मनपा दमकल विभाग को घटना की सूचना मिलते ही दमकल के दो वाहनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार गांधी चौक पर मंगलवार की रात नागरिक दीप पर्व के उत्साह में डूबे हुए थे। उत्साहितों द्वारा संपूर्ण परिसर में जमकर आतिशबाजी की जा रही थी। तभी एक पटाखा किसी तरह दुकान में जा गिरा। पटाखे की आग ने दुकान में रखी सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर मौजूद नागरिकों ने आग लगने की सूचना तुरंत दुकान के मािलक विनायक कृष्णराव पांडे को दी। विनायक कृष्णराव की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस व दमकल विभाग का दल घटनास्थल पर पहुंचा। दो दमकल वाहनों की मदद से आग को नियंत्रित किया गया। दुकानदार की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कारणों के चलते आगजनी की शिकायत दर्ज कर ली है। दमकल विभाग द्वारा तैयार की गई प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार आग में करीब 3 लाख रुपए की सामग्री जलकर राख हुई है। दमकल विभाग के दल ने उपकेंद्र प्रमुख सैयद अनवर के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया। दीप पर्व की रात शहर में आगजनी की केवल एक ही घटना दर्ज की गई है। 

नेरपिंगलाई में भी मकान में लगी आग, भारी नुकसान 

मोर्शी तहसील के नेरपिंगलाई ग्राम में दीपावली के दिन रात 10 बजे मंजू निलेश वानखडे नामक एक विधवा महिला की झोपड़ी को भीषण आग लग गई। महिला अपने तीन छोटे बेटों के साथ रहती है और मजदूरी कर अपने बच्चों का पालनपोषण करती है। गुरुवार की रात अचानक महिला की झोपड़ी को आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। ग्रामवासियों की घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। उन्होंने आग को काबू में करने का अथक प्रयास किया। मोर्शी नप के अग्निशमन दल को भी घटना की जानकारी दी गई। दमकल विभाग का दल जब तक घर पहुंचता तब तक मंजू वानखडे का घर जलकर राख हो गया था। उसके घर की जीवनावश्यक सभी वस्तुएं सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। आग से उनका काफी नुकसान हुआ है। भाग्यवश कोई जीवितहानि नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत समिति उपसभापति सोनाली नवले, पटवारी डीसी मोहोकर सहित अनेक लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उपसभापति सोनाली नवले ने विधवा महिला को तत्काल 5 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की। साथ ही पटवारी ने घटनास्थल का पंचनामा कर अपने वरिष्ठों को इसकी जानकारी देकर उसे तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। 

जिले में उल्लास के साथ मनाया गया दीपोत्सव

शहर सहित जिले में गुरुवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्मीपूजन का दिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शाम होते ही चारों ओर झिलमिलाते दीयों की रोशनी बिखरनी शुरू हो गई और हर घर में पूरे विधि-विधान के साथ लक्ष्मीपूजन होने के साथ ही आतिषबाजी से शहर सहित जिले का ग्रामीण अंचल गूंज उठा। पटाखों की आवाज के साथ आसमान पर बिखरती रंगबिरंगी रोशनी की छटाओं ने उत्साह को द्विगुणित कर दिया। दीपावली पर्व पर युवाओं और छोटे बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा।  लक्ष्मीपूजन पर जहां देर शाम घरों में पूजा पाठ के दौर चले, वहीं शहर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सुबह से लेकर मुहूर्त के अनुसार लक्ष्मीपूजन तथा नए बही खातों की पूजा की गई। महापर्व के उपलक्ष्य में सभी एक दूसरे को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते नजर आए। वहीं सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाएं देने का दौर शुरू था।

भाईदूज आज 

रक्षाबंधन के बाद भाई-बहन के स्नेह को और अधिक मजबूती प्रदान करने वाला पर्व भाईदूज शनिवार 6 नवंबर को मनाया जाएगा। भाईदूज को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भाईदूज पर उपहार देने के लिए तथा अपने भाई का टीका करने के लिए बहनों ने खरीदारी की। बाजार में शुक्रवार को पूरे दिन चहल पहल रही।

 

 

Created On :   6 Nov 2021 12:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story