- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महिला कांस्टेबल के आत्महत्या मामले...
महिला कांस्टेबल के आत्महत्या मामले में आरोपी युवक ने की खुदकुशी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महिला कांस्टेबल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी मुकेश बोरगे ने भी आत्महत्या कर ली। मुकेश की उम्र 27 साल बताई जा रही है। महिला कांस्टेबल मंजू गायकवाड ने पिछले साल 28 नवंबर को आत्महत्या की थी। मंजू की बहन ने भोईवाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि बोरगे ने चार साल के प्रेम संबंधों के बाद शादी से इनकार कर दिया। इसीलिए मंजू ने आत्महत्या की। बोरगे के परिवार के मुताबिक अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद वह परेशान था।
पिता भी पुलिस कांस्टेबल
बोरगे के पिता भी पुलिस कांस्टेबल हैं। बोरगे परिवार नायगांव इलाके की एक इमारत की दूसरी मंजिल पर रहता था। गायकवाड की आत्महत्या और एफआईआर दर्ज होने के बाद बोरगे भी तनाव में था। इसीलिए परिवार वाले उसे अकेला नहीं छोड़ते थे, लेकिन 31 दिसंबर को उसके पिता बंदोबस्त की ड्यूटी पर थे। दोनों भाई बाहर गए थे। इसी दौरान उसकी मां भी सब्जी लेने नीचे चली गई। इसके बाद बोरगे ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सामने वाली इमारत में रहने वाली एक महिला ने बोरगे को पंखे से लटकते देखा तो शोर मचाया, लेकिन जब तब लोग पहुंचते वह फंदे पर लटक चुका था।
पुलिस ने बोरगे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी
इसके पहले मंजू गायकवाड कि आत्महत्या के बाद पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था, लेकिन उसकी कांस्टेबल बहन की शिकायत पर पुलिस ने बोरगे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। हालांकि बाद में छानबीन के दौरान साफ हुआ था कि बोरगे और गायकवाड लगातार एक दूसरे से संपर्क में थे और उनके बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती रहती थी। इसी के चलते पुलिस ने बोरगे के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था।
Created On :   2 Jan 2018 6:51 PM IST