- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- गर्भवती पत्नी के सामने पति की...
गर्भवती पत्नी के सामने पति की हत्या, हमलावरों ने सिर पर किया वार, दो गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क,चौरई/छिंदवाड़ा। गर्भवती पत्नी का इलाज करवाकर गांव लौट रहे एक युवक पर तीन लोगों ने प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में घायल युवक ने पत्नी के सामने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक युवक की गर्भवती पत्नी की हालत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक केदारपुर निवासी 25 वर्षीय भूपेंद्र सनोडिया सोमवार की शाम को पत्नी का इलाज करवाकर चौरई से गांव लौट रहा था। बींझावाडा गांव के आगे केदारपुर के कृष्णा सनोडिया, बलराम सनोडिया और देवीदयाल सनोडिया ने बाइक रोककर भूपेंद्र सनोडिया पर हमला कर दिया। लोहे के औजार से हमले के कारण भूूपेंद्र के सिर से खून की धार निकल पड़ी। उसे नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसडीओपी अशोक चौरसिया, थाना प्रभारी रघुनाथ खातरकर भी मौके पर पहुंचे। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिता बनने वाला था भूपेंद्र
परिजनों के मुताबिक भूपेंद्र की पत्नी को 8 महीने का गर्भ है। उसका इलाज करवाने के लिए ही भूपेंद्र चौरई आया था। भूपेंद्र एक माह बाद पिता बनने का सुख हासिल करने वाला था। अपनी आंखों के सामने पति की हत्या होते देख कर उसकी पत्नी असहाय सी नजर आई। नगर के अस्पताल में भी वह कई बार बेहोश हुई।
खेत में करंट बिछाने का विवाद
बताया जा रहा है कि केदारपुर गांव में खेत में करंट लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में कुछ लोगों पर प्रकरण दर्ज हुआ था। आरोपियों ने हमला करते हुए भूपेंद्र से कहा कि उसने ही खेत में तार फैलाया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Created On :   23 July 2018 2:23 PM GMT