- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दोस्त दोस्त न रहा - केक काटने के...
दोस्त दोस्त न रहा - केक काटने के लिए उधार की तलवार नहीं लौटाई तो कर दी हत्या

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दोस्त के जन्मदिन पर केक काटने के लिए उधार ली गई तलवार न लौटाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसके हमउम्र दोस्त को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया गया। मामला मुंबई के एंटॉपहिल इलाके का है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम साबिर शेख (19) है। जबकि हमले में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नकी खान और घायल युवक की पहचान मुस्तकीम खान के रुप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नकी ने अपने दोस्त के जन्मदिन पर केक काटने के लिए साबिर से तलवार उधार ली थी। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद उसने तलवार वापस नहीं की। इससे नाराज साबिर ने नकी से कहा कि या तो वह तलवार वापस करे या उसके बदले तीन हजार रुपए दे। इसी बात को लेकर गुरूवार रात आठ बजे के करीब नकी और साबिर में विवाद हुआ तो नाराज साबिर ने नकी पर चाकू से वार कर दिया। यही नहीं नकी के दोस्त मुस्तकीम ने बीच बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से कई वार किए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल ले जाया गया जहां नकी को मृत घोषित कर दिया गया जबकि मुस्तकीम की हालत गंभीर बनी हुई है। एंटॉपहिल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर साबिर को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को कोर्ट में पेशी के बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मुंबई पुलिस की प्रवक्ता डीसीपी एन अंबिका ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं स्वीकार की तो अश्लील संदेश के साथ जोड़ा लड़की का मोबाइल नंबर, गिरफ्तार
उधर सोशल मीडिया पर भेजा गया फ्रेंड रिक्वेस्ट अस्वीकार करने से नाराज आरोपी ने लड़की का मोबाइल नंबर अश्लील तस्वीरों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लड़की को रोजाना 70-80 अनजान लोग फोनकर उलजुलूल बातें करने लगे तो वह परेशान हो गई। इसके बाद लड़की ने अपनी मां से परेशानी साझा की तो उसने साइबर पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। साइबर पुलिस ने गुरूवार को आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह लड़की से एकतरफा प्यार करता था। उसने दो बार इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी लेकिन लड़की ने इसे अस्वीकार कर दिया। इससे नाराज आरोपी ने अश्लील तस्वीरों के साथ लड़की का फोन नंबर एक फर्जी एकाउंट पर डाला और इसे लड़की के जान पहचान के लोगों के साथ दूसरों को भी भेज दिया।
Created On :   4 Sept 2020 7:25 PM IST