- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आप कार्यालय में तोड़फोड़- पार्टी का...
आप कार्यालय में तोड़फोड़- पार्टी का दावा भाजपा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बोला हमला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आम आदमी पार्टी के मुंबई के बांद्रा स्थित कार्यालय में मंगलवार रात को तोड़फोड़ की गई है। पार्टी का आरोप है कि यह हमला भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिलकर किया। मामले में शिकायत के आधार पर निर्मल नगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता दीपक तांबे का आरोप है कि रात 12 बजे के करीब हमला करने वालों ने उनके साथ गालीगलौज और बदसलूकी भी की। मामले में आम आदमी पार्टी की मुंबई अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने कहा कि बांद्रा पूर्व इलाके में स्थित हमारे कार्यालय में भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने हमला किया। हमले में ऑफिस को नुकसान पहुंचा है लेकिन किसी कार्यकर्ता को चोट नहीं लगी। मामले में स्थानीय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। हमारी मांग है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मेनन का दावा है कि महानगर में आम आदमी पार्टी की ताकत बढ़ रही है और पार्टी आगामी मुंबई महानगर पालिका चुनावों में जीत का पताका लहराने की तैयारी कर रही है लेकिन भाजपा और कांग्रेस को पार्टी की बढ़ती ताकत रास नहीं आ रही है। इसीलिए कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। शर्मा ने कहा कि भाजपा में अपराधियों की भरमार हो गई है और कांग्रेस पार्टी खत्म हो गई है। जो कुछ अच्छे लोग बचे हैं वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं इसलिए उसके खिलाफ गुंडों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Created On :   19 Oct 2022 10:02 PM IST