मौसम का मिलेगा सही और सटीक डाटा, लगेंगे ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन

Accurate data of weather by automatic weather station will be installed
मौसम का मिलेगा सही और सटीक डाटा, लगेंगे ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन
मौसम का मिलेगा सही और सटीक डाटा, लगेंगे ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तीन केंद्रीय विद्यालयों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन लगेंगे। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की ओर से देशभर में 200 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन लगाए जाएंगे, जिसमें से 3 नागपुर में लगेंगे। इससे मौसम की सटीक जानकारी मिल सकेगी। अगले महीने ऑटोमेटिक वेदर मशीनें खरीदी जाएंगी और उसके बाद इन्हें इंस्टाल किया जाएगा। वर्तमान में नागपुर एयरपोर्ट परिसर स्थित प्रादेशिक मौसम केंद्र में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन है। यहीं से मौसम का डाटा इकट्ठा करके मौसम व तापमान की जानकारी दी जाती है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने देश भर में 200 ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन लगाने का निर्णय लिया है। इसमें से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व विदर्भ (मध्य भारत) में 31 स्टेशन लगेंगे।

विदर्भ में 6 स्टेशन लगेंगे, जिसमें नागपुर के केंद्रीय विद्यालयों में लगने वाले 3 स्टेशन शामिल है। नागपुर में केंद्रीय विद्यालय अजनी, केंद्रीय विद्यालय वायुसेना नगर व केंद्रीय विद्यालय कामठी में ये ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन खड़े होंगे। अगले महीने वेदर मशीनों की खरीदी होगी और उसके बाद इन्हें लगाने का काम शुरू होगा। शहर भर के मौसम व तापमान का डाटा यहां इकट्ठा होगा। इससे शहर भर के मौसम की सही व सटीक जानकारी मिल सकेगी।

विद्यालयों में लगाने के ये फायदे : केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने केंद्रीय शिक्षा विभाग से जो करार किया है, उसके मुताबिक देश भर में केंद्रीय विद्यालयों में ये स्टेशन लगाए जाएंगे। केंद्रीय विद्यालयों में जगह की कमी नहीं होने से इन्हें इंस्टाल करने में कोई परेशानी नहीं होगी। विद्यार्थी इस पर रिसर्च कर सकेंगे। प्रोजेक्ट भी तैयार कर सकेंगे। माैसम के प्रति विद्यार्थियों में जनजागृति निर्माण होगी। शिक्षक इसकी देखरेख भी कर सकेंगे। 

उपमहानिदेशक मौसम विज्ञान विभागएम. एल. साहू  के मुताबिक शहर में तीन जगह ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन लगाए जाएंगे। केंद्रीय विद्यालयों में ये मशीनें लगाई जाएंगी।  दो महीने में इसकी खरीदी होगी आैर उसके बाद इसे इंस्टाल किया जाएगा। इससे मौसम की और सही व सटीक जानकारी मिल सकेगी। शहर में जगह-जगह मौसम कैसा है, इसका डाटा मिल सकेगा। मानसून के पहले ही स्टेशन काम करने लगेंगे। मध्य भारत में 31 जगह ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन खड़े करने हैं। 

Created On :   1 March 2020 9:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story