महिला से दरिंदगी मामले में जल्द मिलेगी सजा- उद्धव, मौत पर राज्यपाल सहित सभी दलों ने जताया दुख

Accused will be punished soon in the case of burn women - Uddhav
महिला से दरिंदगी मामले में जल्द मिलेगी सजा- उद्धव, मौत पर राज्यपाल सहित सभी दलों ने जताया दुख
महिला से दरिंदगी मामले में जल्द मिलेगी सजा- उद्धव, मौत पर राज्यपाल सहित सभी दलों ने जताया दुख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। हिंगणघाट (वर्धा) में जलाई गई महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने घटना में दुख जताते हुए कहा है कि दोषी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जाएगी। लेक्चरर की मौत पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी सहित सभी दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमत्री ने कहा कि हिंगणघाट हत्या प्रकरण में विशेष सरकारी वकील के तौर पर उज्जवल निकम को नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिले। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए कड़ा कानून बनाया जाएगा। राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि पीड़िता को बचाने के लिए हमने हरसंभव प्रयास किया। दुख की बात है कि इसके बावजूद उन्हे बचाया नहीं जा सका। देशमुख ने कहा कि सरकार पीडित परिवार की मदद करने का विचार करेगी। प्रदेश राकांपा अध्यक्ष व राज्य के जलसंसाधन मंत्री जयंत पाटील ने कहा कि दुर्भाग्य से पीड़ित महिला मौत से जंग हार गई। दोषी को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि हिंगणघाट पीड़ित की मौत का समाचार कष्टकर है।

छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में महिलाओं की ऐसी दशा देखकर पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृह विभाग ध्यान दे और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर रोक लगाई जाए। राज्य के वस्त्रोद्योग मंत्री असलम शेख ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मकोक के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना महाराष्ट्र जैसे प्रगतिशील राज्य के लिए अशोभनीय है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्य के पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मामले का मुकदमा फास्टट्रैक कोर्ट में चलाया जाए जिससे आरोपी को जल्द से जल्द सचा मिल सके जिससे लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो।   

 

Created On :   10 Feb 2020 6:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story