- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सरकार को धान बेचने वालों को मिलेगी...
सरकार को धान बेचने वालों को मिलेगी अतिरिक्त राशि, प्रति क्विंटल 200 रुपए

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार ने सरकारी केंद्रों पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति क्विंटल 200 रुपए अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया है। धान उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा यह अतिरिक्त राशि दी जाएगी। केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार राज्य में किसानों से साधारण धान प्रति क्विंटल 1550 रुपए और ए ग्रेड का धान प्रति क्विंटल 1590 रुपए की दर से खरीदा जा रहा है।
राज्य सरकार के फैसले के अनुसार धान बेचने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रति क्विंटल 200 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे। किसानों को प्रोत्साहन राशि केवल 5 क्विंटल तक धान के लिए दिया जाएगा। बुधवार को प्रदेश सरकार के खाद्य व आपूर्ति और ग्राहक संरक्षण विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया। इसके मुताबिक अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि खरीफ विपणन सत्र 2017-18 के लिए लागू रहेगा। इसके लिए सरकार ने 12.50 करोड़ रुपए मंजूर किया है।
मार्केटिंग फेडरेशन और आदिवासी विकास महामंडल के खरीद केंद्रों पर धान बेचने वाले किसानों को ही इसका फायदा होगा। सरकार ने कहा है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि खरीद केंद्रों पर गैर किसान धान न बेच पाएं। यदि खरीद केंद्रों पर किसानों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के धान बेचे जाने की शिकायत सरकार को मिलेगी तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
Created On :   18 April 2018 8:12 PM IST