कृषि मंडी चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, भाजपा-राकांपा गठबंधन बना चर्चा का विषय

Administration busy preparing for Krishi Mandi elections, BJP-NCP alliance became a topic of discussion
कृषि मंडी चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, भाजपा-राकांपा गठबंधन बना चर्चा का विषय
गोंदिया कृषि मंडी चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, भाजपा-राकांपा गठबंधन बना चर्चा का विषय

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में इन दिनों कृषि उपज मंडी (कृउबास) के चुनावों की हलचलें तेज हो गई है। देवरी कृउबास का चुनाव निर्विरोध होने के बाद अब गोंदिया, तिरोड़ा, आमगांव, गोरेगांव, सड़क अर्जुनी, अर्जुनी मोरगांव बाजार समितियों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव के अब केवल पांच दिन शेष रह गए हैं। जिसे देखते हुए निबंधक कार्यालय प्रशासनिक चुनावी तैयारियों में जुट गया है। 

यहां बता दें कि गोंदिया, आमगांव, तिरोड़ा एवं अर्जुनी मोरगांव बाजार समिति के लिए 28 अप्रैल को तथा गोरेगांव एवं सड़क अर्जुनी बाजार समिति के लिए 30 अप्रैल को मतदान होनेवाला है। कृषि उपज मंडियों पर अपना कब्जा जमाने के लिए सभी राजनीतिक दल हरसंभव प्रयास करने में जुटे हुए हैं और इसके लिए स्थानीय स्तर पर अलग-अलग गठबंधन भी बनाए गए। इनमें सबसे अधिक चर्चा गोंदिया व आमगांव बाजार समितियों में भाजपा-राकांपा के संयुक्त पैनल की हो रही हैं। गोंदिया में विधायक विनोद अग्रवाल के चाबी संगठन के पैनल ने कड़ी चुनौती दे रखी है। वहीं दूसरी ओर आमगांव में भाजपा, राकांपा संयुक्त पैनल को कांग्रेस एवं अन्य दलों के असंतुष्टों की परिवर्तन पैनल ने चुनौती दी है। दोनों ही स्थानों पर दिग्गज नेताओं के प्रति कार्यकर्ताओं में असंतोष नजर आने से चुनाव परिणाम क्या होंगे? इस संबंध में फिलहाल कुछ कहना मुश्किल है। 

बनाए जाएंगे मतदान केंद्र

कृषि उपज मंडी चुनावों के लिए निबंधक कार्यालय प्रशासनिक चुनावी तैयारियों में व्यस्त हो गया है। जानकारी के अनुसार गोंदिया मंडी चुनाव के लिए तीन मतदान केंद्र होंगे। जिसमें एक गोंदिया में, एक दवनीवाड़ा में एवं एक रावणवाड़ी में बनाया जाएगा। गोरेगांव बाजार समिति के लिए शहीद जाम्या तिम्या हाईस्कूल में मतदान केंद्र होगा। वहीं तिरोड़ा कृउबास चुनाव के लिए जिला परिषद स्कूल में मतदान केंद्र बनाया जाएगा। आमगांव में जिला परिषद शाला आमगांव, जिला परिषद स्कूल ठाणा, जिला परिषद स्कूल कालीमाटी एवं जिला परिषद स्कूल अंजोरा में मतदान केंद्र होंगे। उसी तरह अर्जुनी मोरगांव बाजार समिति के लिए जिप हाईस्कूल अर्जुनी मोरगांव, जिप हाईस्कूल नवेगांवबांध, जिप हाईस्कूल महागांव एवं जिप हाईस्कूल केशोरी में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। सड़क अर्जुनी बाजार समिति के लिए सड़क अर्जुनी स्थित त्रिवेणी हाईस्कूल एवं ज्योति कन्या प्राथमिक शाला में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

 

Created On :   25 April 2023 1:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story