- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 12 मजदूरों की मौत के बाद 5 दिन की...
12 मजदूरों की मौत के बाद 5 दिन की रिमांड पर नमकीन फैक्ट्री का मालिक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आग लगने से हुई 12 मजदूरों की मौत के मामले में पुलिस ने नमकीन फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को अंधेरी कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। शुरूआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने नियमों और सुरक्षा उपायों को नजर अंदाज किया था। पुलिस ने फैक्टरी के मालिक रमेश भानुशाली को लंबी पूछताछ के बाद सोमवार देर रात गिरफ्तार किया।
महानगर पालिका को गलत जानकारी दी
पुलिस ने दुकान से जुड़े कागजात और मंजूरी के बारे में छानबीन की जिससे साफ हुआ कि आरोपी ने कर्मचारियों की संख्या के बारे में मुंबई महानगर पालिका को गलत जानकारी दी थी। इसके अलावा घटनास्थल पर तीन डीजल स्टोव, कई एलपीजी गैस सिलेंडर और खाने पीने का सामान था इसके चलते आग ज्यादा तेजी से फैली। कुछ मजदूर शुरूआत में आग बुझाने के लिए गाले के पिछले हिस्से में स्थित बाथरुम से पानी लाने की कोशिश में फंस गए और जलती छत गिर जाने से बाहर नहीं आ सके।
आग लगने की वजह अब भी साफ नहीं
सोमवार सुबह चार बजे अंधेरी के खैरानी रोड पर स्थित भानू फरसाण की दुकान में आग लगी थी। जिसमें झुलसकर मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने भानुशाली के खिलाफ गैरइरादतन हत्या, लापरवाही, दूसरों की जान खतरे में डालने के अलावा बीएमसी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत भी एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने भानुशाली के खिलाफ पुख्ता सबूत इकठ्ठा करने के लिए कर्मचारियों और मैनेजर के भी बयान दर्ज किए हैं। वहीं आग लगने की वजह फिलहाल साफ नहीं है। मुख्य दमकल अधिकारी प्रभात रहांडगले ने बताया कि आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।
Created On :   19 Dec 2017 8:55 PM IST