नरखेड़ तहसील में कृषि संजीवनी सप्ताह का शुभारंभ

Agriculture Sanjivani Week inaugurated in Narkhed Tehsil
नरखेड़ तहसील में कृषि संजीवनी सप्ताह का शुभारंभ
नरखेड़ तहसील में कृषि संजीवनी सप्ताह का शुभारंभ

डिजिटल डेस्क, नरखेड़। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाने वाला कृषि दिवस के तहत स्थानीय पंचायत समिति तथा तहसील कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि संजीवनी सप्ताह का शुभारंभ किया गया। तहसील के ग्राम थाटूरवाडा, नायगांव तथा मोहदी (दलवी) ग्राम से शुरू कृषि संजीवनी अभियान के तहत किसानों के खेत में जाकर उन्हें उत्पादन बढ़ाने के लिए फसलों की उपयुक्त जानकारी देना, कीटनाशकों का छिड़काव कब और किस तरह करना, नई-नई तकनीक से अवगत कराना, संतरा, मौसंबी, सीताफल के फल बाग के साथ सब्जी की फसल पर उचित जानकारी के साथ मार्गदर्शन कृषि विभाग की ओर से किया जा रहा है। इस अवसर पर पंस सभापति नीलिमा रेवतकर, उपसभापति वैभव दलवी, सतीश रेवतकर, कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ डा. दवने, उपविभागीय कृषि अधिकारी निमजे, तहसील कृषि अधिकारी डा. योगीराज जुमडे, महाबीज के प्रतिनिधि राठोड़, कोल्हे, मंडल अधिकारी ठाकुर, गहुकर, कृषि सहायक खंडार, खसारे, बालू देशमुख, घनश्याम ठाकरे तथा किसान उपस्थित थे।

हरित क्रांति के जनक पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक की जयंती के उपलक्ष्य में कृषि दिवस का आयोजन भिवापुर तहसील के वाकरला ग्राम में किया गया। कृषि दिवस की शुरुआत किसान तुलसीराम शिंदे के खेत से रैली निकाल कर की गई। यहां एकत्रित किसानों को फल देेने वाले पेड़ अमरूद, सीताफल तथा सब्जियों की उपज पर शिंदे ने मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में तुलसीराम शिंदे, प्रवीण बंजारी, आनंदराव डडमल, डा. नारायण लांबट, शेषराव बोतल को सम्मानित किया गया। समारोह में सब्जी, फल, अंतरफसल, सिंचाई का इस्तेमाल, जैविक खेती तथा ज्यादा उत्पादन देने वाली उपज की जानकारी दी गई। अध्यक्षता भिवापुर पंचायत समिति की सभापति ममता शेंडे ने की। कार्यक्रम में कृष्णा घोड़ेस्वार, उपसभापति पंचायत समिति भिवापुर, शारदा मोडघरे सरपंच, चंदा गावंडे कृषि विशेषज्ञ तथा एस. यू. चर्जन मार्गदर्शक उपस्थित थे। प्रस्तावना जारोंडे कृषि अधिकारी भिवापुर ने रखी। संचालन गिरी मंडल अधिकारी भिवापुर ने किया। सफलतार्थ कृषि विभाग के कर्मचारी तथा परिसर के किसानों ने सहयोग किया।

शंकर चहांदे कन्हान नप के मनोनीत सदस्य

कन्हान-पिपरी नप के पूर्व नगराध्यक्ष शंकर चहांदे को कन्हान-पिपरी नगर परिषद का दूसरा मनोनीत सदस्य घाेषित किया गया है। ज्ञात हो कि, 17 सदस्यीय कन्हान-पिपरी नगर परिषद में कांग्रेस के 7, भाजपा के 6, शिवसेना के नगराध्यक्ष को मिलाकर 4 तथा प्रहार जनशक्ति पार्टी का एक सदस्य है। लगभग 2 माह पूर्व उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के योगेंद्र रंगारी निर्वाचित हुए थे। तब कांग्रेस की ओर से पूर्व पार्षद नरेश बर्वे मनोनीत सदस्य के रूप में घोषित किए गए थे। उस वक्त तकनीकी कारणों से भाजपा के उम्मीदवार शंकर चहांदे मनोनीत सदस्य नहीं बन पाए थे। 3 जुलाई को चहांदे की मनोनीत सदस्य के रूप में घोषणा की गई। इस अवसर पर चहांदे को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। स्वागतकर्ताओं में नगराध्यक्ष करुणा आष्टणकर, उपाध्यक्ष योगेंद्र उर्फ बाबू रंगारी, डा. मनोहर पाठक, सुषमा चोपकर, अनिता पाटील, राजेंद्र शेंदरे, संगीता खोब्रागड़े, वंदना कुरडकर, वर्षा लोंढे एवं अन्य पार्षदों का समावेश है।
 

Created On :   4 July 2020 10:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story