अहमदनगर हत्याकांड : शिवसेना का आरोप, हमें खत्म करना चाहती है BJP

Ahmednagar massacre Shiv Sena allegation BJP want to end party
अहमदनगर हत्याकांड : शिवसेना का आरोप, हमें खत्म करना चाहती है BJP
अहमदनगर हत्याकांड : शिवसेना का आरोप, हमें खत्म करना चाहती है BJP

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अहमदनगर में पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की हत्या के बाद आक्रामक शिवसेना के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। शिवसेना के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से BJP विधायक शिवाजी कर्डिले को पार्टी से निकालने की मांग की। साथ ही पार्टी चाहती है  कि हत्या की घटना के बाद रास्ता रोको आंदोलन में शामिल होने वाले शिवसैनिकों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाए। अहमदनगर हत्याकांड को लेकर BJP-शिवसेना के बीच की खाई और चौड़ी हो गई है।

सरकार में शामिल शिवसेना कोटे के मंत्री इस घटना के लिए सीधे तौर पर BJP को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कर्डिले को पार्टी से नहीं निकाला जाएगा। हालांकि उन्होंने शिवसैनिकों के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने का आश्वासन दिया है। अहमदनगर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तोड़फोड़ के आरोप में कर्डिले जेल में बंद हैं। 

सेना के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से मिलकर कहा: BJP विधायक कर्डिले को पार्टी से करो बाहर 
मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक शुरू होने से पहले शिवसेना की तरफ से पर्यावरण मंत्री रामदास कदम, परिवहन मंत्री दिवाकर रावते समेत अन्य शिवसेना कोटे के मंत्री मुख्यमंत्री से मिले। मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत में कदम ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से BJP विधायक कर्डिले को तत्काल पार्टी से निकालने की मांग की है। कदम ने कहा कि कर्डिले ने 500-600 गुंडों को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर हमला करवाया।

जिनके हाथ में सत्ता है, ऐसे लोग बिहार से दो कदम आगे जाकर कानून की धज्जियां उड़ाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और उनके समर्थक विधायक कर्डिले को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से भगा ले गए। इसलिए ऐसे सभी के इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी तक राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस के केवल 20 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जबकि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हमला करने के लिए 500-600 लोगों की भीड़ जुटी थी। 

दो दिनों में तोड़फोड़ करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई 
कदम ने कहा कि पुलिस चाहती तो दो दिनों में तोड़फोड़ करने वाले सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती थी क्योंकि सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास है। लेकिन BJP अपने लोगों को बचा रही है। कदम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या के बाद शिवसैनिकों ने रास्ता रोको आंदोलन किया। पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय तोड़फोड़ के मामले में BJP-राकांपा के लोगों के खिलाफ कानून की जिन धाराएं के तहत मामले दर्ज किए हैं, वही धाराएं रास्ता रोको आंदोलन में शामिल शिवसेना नेताओं के खिलाफ लगाई गई है। शिवसेना के कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। 

इनका यह कहना है 
रामदास कदम, पर्यावरण मंत्री के मुताबिक एक तरफ BJP चुनावों के लिए शिवसेना के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ा रही है और दूसरी ओर BJP विपक्षी दलों राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर शिवसेना को खत्म करने की कोशिश कर रही है।” सुधीर मुनगंटीवार, वित्त मंत्री  के मुताबिक सरकार किसी भी तरह कि हिंसा के पक्ष में नहीं है। अहमदनगर मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। सरकार के एक मंत्री का इस तरीके का राजनीतिक आरोप लगाना ठीक नहीं है। उसका आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है।
 

Created On :   10 April 2018 5:58 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story