- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- कंगना पर सियासत में उबाल : देशमुख...
कंगना पर सियासत में उबाल : देशमुख बोले - मुंबई में रहने का अधिकार नहीं, कांग्रेस ने कहा - किया मराठियों का अपमान, बीजेपी ने बनाई दूरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश की महाविकास आघाड़ी सरकार ने अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दो टूक कहा कि कंगना को मुंबई और महाराष्ट्र में रहने का अधिकार नहीं है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में देशमुख ने कहा कि कंगना ने जिस तरह मुंबई पुलिस की तुलना की है ऐसी हालत में उन्हें मुंबई और महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
भाजपा ने कंगना से बनाई दूरी
दूसरी ओर कंगना का समर्थन करने वाली भाजपा बैकफुट पर आ गई है। अब तक कंगना के हर बात का समर्थन करने वाली भाजपा ने अब उनके बयान से दूरी बना ली है। भाजपा विधायक आशीष शेलार ने कहा कि कंगना को मुंबई और महाराष्ट्र की आलोचना करने की जरूरत नहीं है। शेलार ने कहा कि मुंबई, मुंबईकर और महाराष्ट्र को चालाकी बताने वाले कंगना के बयान से भाजपा को जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है। भाजपा इससे असहमत है। शेलार ने कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच को दूसरी दिशा में ले जाने के लिए शिवसेना सांसद संजय राऊत को कंगना के पीछे रहकर वार करने की जरूरत नहीं है। वहीं भाजपा विधायक राम कदम ने भी अपने बयान पर यू टर्न ले लिया है। कदम ने ट्वीट करके कहा कि कंगना के किसी विवादित बयान का मैंने समर्थन नहीं किया है और न ही करूंगा। लेकिन कुछ बड़े लोगों को बचाने के लिए मुंबई पुलिस की छवि को मलीन करने का दुस्साहस महाराष्ट्र सरकार ने किया है।
मुंबई से बॉलीवुड को हटाने की साजिश तो नहीं: परब
शिवसेना नेता तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि कंगना ने मुंबई की तुलना पीओके से की है। कंगना कब पीओके गई थीं। यदि उनका मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार पर विश्वास नहीं है तो उन्हें महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है। परब ने कहा कि लॉकडाउन में महाराष्ट्र सरकार ने 16 हजार करोड़ रुपए का निवेश करार किया है। मुंबई और महाराष्ट्र को बदनाम करके ऐसे उद्योगों को आने से रोकने की साजिश तो नहीं है। परब ने कहा कि मुंबई का बॉलीवूड को दूसरे किसी जगह पर ले जाने की साजिश तो नहीं है ना। परब ने कहा कि कंगना के पास जो भी सबूत है उनको पुलिस को देना चाहिए। परब ने कहा कि कंगना ने कहा है कि वे 9 सितंबर को आ रही हैं। किसी के बाप में हिम्मत है तो रोक ले। इस पर मैं उन्हें कहना चाहूंगा कि मुंबई किसी के बाप की नहीं है मुंबई महाराष्ट्र सरकार और पुलिस की है। मुंबई मनपा में बीते कई सालों में शिवसेना का शासन है। लेकिन हमने परप्रांतियों को कभी भी मुंबई से बाहर जाने के लिए नहीं कहा।
कंगना ने किया 13 करोड़ मराठियों का अपमान: कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि कंगना का बयान महाराष्ट्र की 13 करोड़ मराठी जनता और 106 शहीदों, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई और मुंबई को चाहने वालों का अपमान है। सावंत ने कहा कि कंगना टीम मतलब कंगना और भाजपा आईटी सेल है। कंगना टीम के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया जाता है। इसलिए विधान सभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और भाजपा को बिना शर्त महाराष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। सावंत ने कहा कि ड्रग माफिया के संबंधों की जांच के लिए भाजपा विधायक राम कदम का नार्को टेस्ट करना चाहिए। इसके जवाब में कदम ने कहा है कि मैं नार्को टेस्ट के लिए तैयार हूं।
Created On :   4 Sept 2020 8:08 PM IST