- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- MRI मशीन में युवक की मौत का मामला,...
MRI मशीन में युवक की मौत का मामला, एक और डॉक्टर गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नायर अस्पताल की MRI मशीन में फंसकर एक शख्स की मौत के मामले में पुलिस ने एक और डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर सिद्धांत शाह घटना के दौरान यानी 27 जनवरी को रेडियोलॉजी विभाग का प्रभारी था। डॉ. शाह के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 304(ए) के तहत लापरवाही से मौत के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। इससे पहले पुलिस ने इसी आरोप में डॉक्टर सौरभ लांजरेकर, वार्ड बॉय विठ्ठल चव्हाण और आया सुनीता सुर्वे को गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
MRI मशीन ने सिलेंडर सहित मारू को खींचा
इससे पहले पुलिस को दिए अपने बयान में शाह ने कहा था कि हादसे के वक्त वे कंसोल रूम में थे, जहां से कंप्यूटर के जरिए MRI मशीन चलाई जाती है। बता दें कि अस्पताल में अपनी बहन की बीमार सास को देखने गए राजेश मारू (32) उन्हें MRI जांच के लिए ले गए थे। इसी दौरान उनके हाथ में मरीज को लगा ऑक्सीजन सिलेंडर होने की वजह से MRI मशीन ने सिलेंडर सहित मारू को भी खींच लिया। चोट लगने और पेट में ज्यादा ऑक्सीजन भर जाने के चलते मारू की मौत हो गई थी।
निजी ट्रस्ट देगा मुफ्त MRI सुविधा
भारत चेंबर ट्रस्ट नाम की संस्था ने 100 मरीजों की निशुल्क MRI कराने का फैसला किया है। दरअसल नायर अस्पताल में हुए हालिया हादसे के बाद वहां की मशीन बंद है। दूसरे सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारें हैं। लोगों की इसी परेशानी को देखते हुए प्रायवेट सेंटर में गरीबों का मुफ्त MRI कराने में मदद का फैसला किया गया है। भारत चेंबर ट्रस्ट के ट्रस्टी आनंद प्रकाश गुप्ता के मुताबिक मुफ्त MRI के इच्छुक लोगों को ट्रस्ट के कालबादेवी इलाके में स्थित ऑफिस में सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक संपर्क करना होगा। अगर मरीज ज्यादा हुए तो और ज्यादा लोगों को सुविधा देने की कोशिश की जाएगी।
Created On :   2 Feb 2018 8:56 PM IST