एक और पुलिस अधिकारी ने परमबीर सिंह पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

Another police officer make allegation of corruption on Parambir Singh
एक और पुलिस अधिकारी ने परमबीर सिंह पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
एक और पुलिस अधिकारी ने परमबीर सिंह पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के खिलाफ एक और पुलिस अधिकारी ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है। पुलिस अधिकारी ने सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। बीते 20 अप्रैल को लिखे इस पत्र की प्रति पुलिस अधिकारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटील को भी भेजी है। शिकायत करने वाले इंस्पेक्टर बीआर घाडगे फिलहाल अकोला पुलिस के कंट्रोल रूम में तैनात हैं। 

फिलहाल महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (होमगार्ड) के पद पर तैनात सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में यह दूसरी शिकायत है। इससे पहले मुंबई में तैनात अनूप डांगे नाम के पुलिस अधिकारी ने सिंह के खिलाफ राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा था। डांगे का दावा है कि एक मामले में सिंह ने उन पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न करने का दबाव बनाया था। इसके बावजूद उन्होंने कार्रवाई की तो मुंबई पुलिस कमिश्नर की कुर्सी संभालने के बाद उन्होंने डांगे को निलंबित कर दिया और फिर रिश्तेदार के जरिए बहाली के लिए दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी। घाडगे के मुताबिक जब सिंह ठाणे के पुलिस कमिश्नर थे वे यहीं के बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में तैनात थे। 

घाडगे के मुताबिक उनके पास सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत हैं और जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा वे संबंधित अधिकारी को इससे जुड़े सबूत सौंपेंगे। फिलहाल सिंह ने इस मामले पर कोई सफाई नहीं दी है। बता दें कि एंटीलिया विस्फोटक और मनसुख हिरन मामले के बाद राज्य सरकार ने मुंबई पुलिस आयुक्त सिंह का तबादला कर दिया था। इसके बाद सिंह ने राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखा था। साथ ही उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश पर प्राथमिक जांच के बाद सीबीआई ने देशमुख पर एफआईआर दर्ज कर लिया है।

Created On :   26 April 2021 3:04 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story