अरमेनिया के प्रधानमंत्री निकोल का विमान नागपुर एयरपोर्ट पर हुआ लैंड

Armenian pm nikol pashinyan takes brief stop over nagpur airport
अरमेनिया के प्रधानमंत्री निकोल का विमान नागपुर एयरपोर्ट पर हुआ लैंड
अरमेनिया के प्रधानमंत्री निकोल का विमान नागपुर एयरपोर्ट पर हुआ लैंड

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अरमेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान का विमान दिल्ली जाते समय कुछ समय के लिए नागपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। प्रधानमंत्री निकोल  कुछ समय के लिए एयरपोर्ट के वीआईपी विश्रामगृह में ठहरे। जिलाधीश अश्विन मुद्गल व पुलिस आयुक्त डॉ. भूषणकुमार उपाध्याय ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। उपजिलाधिकारी शिरीष पांडे भी उपस्थित थे।  जिलाधीश मुद्गल व पुलिस आयुक्त डा. उपाध्याय ने विश्रामगृह में प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान से चर्चा की। नागपुर से उनके विमान में ईंधन भरा गया। प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान के साथ  उनकी पत्नी अत्रा हाकोबयान, विदेश मंत्रालय के उपमंत्री ॲव्हेट ॲडोन्टस, उच्च तकनीकी उद्योगमंत्री  हाकोब अर्शाक्यान, वित्त मंत्री और प्रतिनिधिमंडल में शामिल अधिकारी मौजूद थे। जिलाधीश अश्विन मुद्गल ने उन्हें नागपुर व विदर्भ की जानकारी देने के अलावा देश में नागपुर के महत्व व शहर के बारे में जानकारी दी। इसके बाद प्रधानमंत्री निकोल अपने  प्रधिनिधिमंडल के साथ  विमान से दिल्ली रवाना हुए। दिल्ली से वे हनोई (वियतनाम) के लिए उड़ान भरेंगे। 

इंडिगो के दो विमान उड़ान नहीं भर सके 

तकनीकी खराबी के चलते गुरुवार को दो विमान उड़ान नहीं भर सके। पहले मुंबई का विमान खराब हुआ तो उसके यात्रियों को बंगलुरु वाले विमान से भेजने की तैयारी की गई, लेकिन वह विमान भी उतरने के बाद उड़ान नहीं भर सका। इस वजह से दोपहर में जाने वाले यात्रियों को मुंबई के दूसरे विमान में शिफ्ट किया गया।

यात्री हुए परेशान

जानकारी के अनुसार, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-5388 दोपहर में नागपुर पहुंचा। वह दोपहर 3.30 बजे यहां से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते वह उड़ान नहीं भर सका। लिहाजा, इंडिगो ने बंगलुरु जाने वाले विमान क्रमांक-727 को रद्द कर दिया, ताकि मुंबई के यात्रियों को उस विमान से भेजा जा सके, लेकिन यह विमान भी नागपुर पहुंचने के बाद उड़ान नहीं भर सका। रात 8.30 बजे जाने वाले इंडिगो के विमान क्रमांक-404 में इन यात्रियों को शिफ्ट किया गया। विमान खराबी के चलते यात्रियों को 5 घंटे विमानतल पर इंतजार करना पड़ा।

लेट-लतीफी जारी  

नई दिल्ली से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-135 अपने तय समय दोपहर 12.05 बजे से करीब 2 घंटे देरी से, चेन्नई से आने वाला विमान क्रमांक-305 अपने तय समय दोपहर 3.30 बजे से करीब 1 घंटे देरी से नागपुर विमानतल पर पहुंचा। वहीं, मुंबई से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-403 अपने तय समय शाम 5.25 बजे से करीब 1.30 घंटे देरी से और कोलकाता से आने वाला इंडिगो का विमान क्रमांक-663 अपने तय समय रात 10 बजे से करीब 1 घंटे देरी से संतरानगरी के डॉ.बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर पहुंचने की संभावना है।

आज यह ट्रेनें रद्द 

मुंबई मंडल के घाट सेक्शन में दुर्घटना होने और भारी वर्षा के कारण 5 जुलाई शुक्रवार को कुछ गाड़ियां रद्द कर दी गई हैं। इसमें 12809 मुंबई-हावड़ा मेल और 12102 हावड़ा से चलकर लाेकमान्य तिलक तक जाने वाली ट्रेन शामिल है।
 

Created On :   5 July 2019 5:28 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story