- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- आठवले ने कहा - संविधान के अनुसार...
आठवले ने कहा - संविधान के अनुसार कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार, आरपीआई करेगी सुरक्षा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत को शिवसेना की धमकी के बाद आरपीआई अध्यक्ष तथा केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले कंगना के समर्थन में आगे आए हैं। आठवले ने कहा कि कंगना की सुरक्षा आरपीआई करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख की कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार नहीं होने वाली भूमिका लोकतंत्र विरोधी है।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि संविधान के अनुसार कंगना को मुंबई में रहने का अधिकार है। इसलिए कंगना के मुंबई आने के बाद किसी ने कोई विरोध किया तो आरपीआई उन्हें सुरक्षा देगी। आठवले ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को टिप्पणी करने का अधिकार है। कंगना ने मुंबई पर नहीं बल्कि राज्य सरकार पर टिप्पणी की है।
आठवले ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नेतृत्व वाली राज्य सरकार में शिवसेना शामिल है। इसलिए शिवसेना सांसद संजय राऊत द्वारा कंगना को धमकी देना उचित नहीं है। दूसरी ओर शिवसेना की महिला आघाड़ी की कार्यकर्ताओं ने मुंबई के दिंडोसी, बोरिवली और ठाणे समेत राज्य भर में कई जगहों पर कंगना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
Created On :   4 Sept 2020 8:41 PM IST