- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- छेड़छाड़ से बचने चार मंजिला इमारत...
छेड़छाड़ से बचने चार मंजिला इमारत से कूदी 12 साल की लड़की

डिजिटल डेस्क, मुंबई। छेड़छाड़ से बचने के लिए एक 12 साल की लड़की ने चार मंजिला इमारत की छत से छलांग लगा दी। वहां मौजूद कुछ लोगों ने चादर फैलाकर ऊंचाई से कूद रही लड़की को बचाने की कोशिश की लेकिन चादर फटने के चलते लड़की चोटिल हो गई। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना मुंबई से सटे नालासोपारा के अलका पुरी इलाके की है। यहां 12 साल की लड़की कहीं जा रही थी।
उसी समय करीब 35 साल के दिखने वाले एक शख्स ने उससे एक पता पूछा। पता दिखाने के बहाने आरोपी लड़की को इमारत के भीतर ले गया और फिर जबरन खींचकर छत पर ले जाकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत शुरू कर दी। लड़की किसी तरह छत के किनारे पहुंची और चिल्लाने लगी तो लोगों का ध्यान उस पर गया। लड़की के इरादे भांपकर कुछ लोगों ने लड़की को बचाने के लिए नीचे चादर फैला दी। नीचे खड़े लोगों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि लड़की ऊपर से क्यों छलांग लगा रही है।
रोक रहे लोगों की बात अनसुनी की
आरोपी से डरी हुई लड़की ने कूदने से रोक रहे लोगों की बात अनसुनी की और छत से कूद गई। वह चादर पर गिरी लेकिन चादर फटने के चलते उसे काफी चोट भी आई। बच्ची को इलाज के लिए मुंबई स्थित नायर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 3 मार्च की है। बाद में बच्ची ने अस्पताल में घटना का खुलासा किया साथ ही मोबाइल में रिकॉर्ड की गई बच्ची की छत से छलांग लगाने की घटना वायरल हो गई। इसके बाद तुलिंज पुलिस ने अस्पताल जाकर बच्ची का बयान दर्ज किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ पाक्सो और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी के जरिए आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।
Created On :   6 April 2018 6:35 PM IST