ब्रेड लाने के विवाद पर बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान

Big Brother killed his younger after dispute on purchasing of bread
ब्रेड लाने के विवाद पर बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान
ब्रेड लाने के विवाद पर बड़े भाई ने ली छोटे भाई की जान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खाने के दौरान ब्रेड लाने को लेकर हुए विवाद के बाद बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली। घटना मुंबई के माहिम इलाके की है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम इमरान सैय्यद है। माहिम किला कंपाउंड के पास रहने वाला इरफान सैय्यद गुरूवार दोपहर दो बजे के करीब खाना खा रहा था। इसी दौरान ब्रेड लाने को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया। जुबानी जंग जल्द ही हाथा पाई में बदल गई। गालीगलौज और धक्कामुक्की के बीच इमरान ने अपने छोटे भाई इरफान का गला दबा दिया। इसके चलते दम घुटने के बाद इरफान बेसुध होकर गिर पड़ा। घर पर मौजूद दूसरे लोग इरफान को तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या), 323 (मारपीट)  और 504 (बदसलूकी) के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया। सीनियर इंस्पेक्टर कैलाश चव्हाण ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन जारी है।

मेहनताना मांगा तो कर दी हत्या

खार इलाके में 25 वर्षीय व्यक्ति की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि शराब पीने के दौरान मृतक ने अपने कैटरिंग के काम के बकाए पैसे मांगे थे। इसी को लेकर विवाद के बाद उसने हत्या की थी। गिरफ्तार आरोपी का नाम रोहित अंबोरे (20) है। उसे सोलापुर के वेलापुर इलाके से गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को समुद्र किनारे झाड़ियों में पुलिस को बलदीप उर्फ नारायण गुप्ता का शव मिला था। गुप्ता के गले पर धारदार हथियार से सात-आठ वार किए गए थे। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि गुप्ता आखिरी बार नाशिक के रहने वाले अंबोरे के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने लगातर भाग रहे आरोपी को सोलापुर से ढूंढ निकाला। अंबोरे में पुलिस को बताया कि दोनों ने कैटरिंग का काम किया था और मालिक ने गुप्ता के पैसे भी उसे ही दे दिए थे। गुप्ता बार-बार पैसे मांग रहा था इसी को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई। 

Created On :   5 July 2018 2:47 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story