- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- छिंदवाड़ा में भाजपा-कांग्रेस...
छिंदवाड़ा में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, कमलनाथ-शिवराज के फूंके पुतले

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने रविवार को जिला मुख्यालय सहित ब्लॉकों में एक-दूसरे के प्रमुख नेताओं के पुतले फूंके। भाजपा ने घोषित कार्यक्रम के तहत रैली निकाली, नारेबाजी की और फव्वारा चौक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला फूंका। वहीं कांग्रेस ने भी जवाब में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वरिष्ठ नेता प्रभात झा का पुतला जलाया। दोनों प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट तो रहा लेकिन पुतलों को जलने से नहीं रोक पाया। वाटर केनन का उपयोग हुआ फिर भी दोनों दल पुतलों को जलाने में सफल रहे।
रैली के रूप में पहुंचे भाजपाई, फव्वारा चौक में फूंका पुतला:
भाजपा ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12 शहर के फव्वारा चौक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला फूंका। जिला भाजपा कार्यालय से रैली के रूप में पहुंचे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि कमलनाथ ने वाणिज्य मंत्री रहते हुए अपने पद का दुरूपयोग किया और चीन के माल से आयात शुल्क 40 से 200 प्रतिशत तक कम कर दिया था। ऐसी लगभग 250 वस्तुएं जिनकी भारत में प्रचुर मात्रा में उपलब्धता थी, उन पर आयात शुल्क घटा दिया था। भाजपा ने कहा कि दस्तावेज यह प्रमाणित करते हैं कि कांग्रेस और कांग्रेस के परिवार विशेष को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए वाणिज्य मंत्री रहते देश को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा कि कमलनाथ के चीनी प्रेम के कारण भारत के कुटीर लघु उद्योग तथा व्यापार को बड़ा झटका लगा है। इस दौरान वरिष्ठ नेता कन्हईराम रघुवंशी, रमेश पोफली, विजय झांझरी, रोहित पोफली और अंकुर शुक्ला सहित अन्य अनेक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेस ने भी दिखाए तेवर, नारेबाजी के साथ दो पुतले जलाए:
इधर कांग्रेस ने ठीक उसी समय पुतले का जवाब पुतलों से दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा का पुतला जलाया। राजीव भवन से रैली के रूप में पहुंचे कांग्रेसियों को बेरीकेडिंग कर पुलिस ने टाउन हाल के पास ही रोक लिया। यहां जमकर नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर आक्रोशित थे। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गंगाप्रसाद तिवारी ने भाजपा की इस तरह के बेबुनियाद आरोपों की राजनीति को वास्तविक समस्याओं और वर्तमान से ध्यान हटाने की साज़िश बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले छह साल से केंद्र की सरकार में है लेकिन आज भी राजनीति विपक्ष जैसी ही कर रही है। श्री तिवारी ने कहा कि आने वाले समय में होने वाले उपचुनावों में बीजेपी को अपनी हार दिखाई देने लगी है। इसलिए वो झूठे आरोपों से अपनी राजनीति बचाने की कोशिश कर रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने कहा कि बीजेपी सत्ता के अहंकार में अंधी हो गई है और अपनी सरकार की असफलताओं, चीन समस्या, बढ़ती मंहगाई कोरोना काल में हुए मजदूरों के पलायन और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जवाब देने की जगह हम पर ही सवाल खड़े कर रही है।
Created On :   28 Jun 2020 10:40 PM IST