- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- नागरिकता कानून के समर्थन में भाजपा...
नागरिकता कानून के समर्थन में भाजपा युवा मोर्चा ने शुरु किया हस्ताक्षर अभियान

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बाद अब भाजपा युवा मोर्चा इसके समर्थन में उतर आई है। भाजयुमो का दावा है कि सीएए के समर्थन में शुरु हस्ताक्षर अभियान में अब तक 40 हजार लोगों ने इस कानून के समर्थन में हस्ताक्षर किए हैं। केंद्र सरकार के बहुचर्चित नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वालों को जवाब देने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा, मुंबई की ओर से मुंबई की सभी 36 विधानसभाओं में इस कानून के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान शुरु किया है। हस्ताक्षर अभियान में रविवार की शाम शहर की सभी 36 विधानसभाओं में करीब 40 हजार लोगों ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में हस्ताक्षर किए। भाजयुमो (मुंबई) के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून समय की मांग है।
एक दिन में 40 हजार लोगों ने किए हस्ताक्षर
पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसे भारत के पड़ोसी देशों में हिंदू, सिख और दूसरे गैरमुस्लिमों का धार्मिक आधार पर उत्पीड़न होता है। इस तरह के पीड़ित लोगों को नागरिकता देकर भारत सरकार ने मानवीय कार्य किया है। श्री तिवाना ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के बारे में कांग्रेस और दूसरे राजनीतिक दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए मुंबई की सभी 36 विधान सभा क्षेत्रों में नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन करने के लिए विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में रविवार की शाम शहर में हर विधानसभा में चलाए गए अभियान में चालीस हजार लोगों ने हस्ताक्षर किए।
Created On :   7 Jan 2020 6:23 PM IST